टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे टेस्ट पर खराब पिच के कारण संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जोहानसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में शुक्रवार को जसप्रीत बुमराह की गेंद पर डीन एल्गर के घायल होते ही अंपायर्स ने मैच रोक दिया। इसके बाद समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पिच खराब के कारण मैच रद्द किया जाएगा या फिर शनिवार को इसे जारी रखा जाएगा।
बहरहाल, टीवी रीप्ले से यह पता चला है कि बुमराह की जो गेंद बाउंस हुई थी वह स्टंप्स के बेस से 8।5 मीटर की दूसरी पर थी। इसका मतलब यह है कि यह गेंद शॉर्ट पिच लेंथ की ही थी। इसलिए इस गेंद की वजह से कोई मैच रोकने की आपत्ति नहीं उठा सकता। मगर पिच पर कई बार असाधारण उछाल देखने को मिला, जिसकी वजह से अंपायर्स और मैच रेफरी ने मैच रोकने का फैसला लिया।
बता दें कि टीम इंडिया द्वारा मिले 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप्स तक 8।3 ओवर में एक विकेट खोकर 17 रन बना लिए हैं। डीन एल्गर 11* और हाशिम अमला 2* रन पर नाबाद रहे। टीम इंडिया को एकमात्र सफलता मोहम्मद शमी ने एडेन मार्करम (4) को पटेल के हाथों कैच आउट कराकर दिलाई।
जसप्रीत बुमराह ने पारी के 9वें की तीसरी गेंद शॉर्ट लेंथ की डाली, जो सीधे जाकर एल्गर के हेलमेट पर लगी। एल्गर बैकफुट पर जाकर गेंद को डक करने गए, लेकिन गेंद उनके हेलमेट पर लगी। इसके बाद मैदान के अंदर ही उनका उपचार किया गया। तब तक मैच रेफरी ने अंपायर से सलाह मशविरा करके मैच रोकने का फैसला लिया। टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री और कप्तान विराट कोहली मैच रेफरी से फैसले से खुश नजर नहीं आए।
क्रिकेट विशेषज्ञों का भी मानना है कि गेंदबाज ने अपने प्रयास से बाउंसर डाली थी न कि पिच से उसे अतिरिक्त मदद मिली। अब यह देखना होगा कि क्या मैच आगे बढ़ेगा या फिर तीसरा टेस्ट ड्रॉ घोषित कर दिया जाएगा।
टीम इंडिया को विशाल बढ़त दिलाने में इन बल्लेबाजों ने खेली कमाल की पारी
टीम इंडिया
इससे पहले टीम इंडिया ने शुक्रवार को तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 241 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया की दूसरी पारी 80।1 ओवर में 247 रन पर सिमटी। अजिंक्य रहाणे (48), कप्तान विराट कोहली (41), भुवनेश्वर कुमार (33) और मोहम्मद शमी (27) ने टीम इंडिया को विशाल बढ़त दिलाने में मदद की। याद हो कि टीम इंडिया की पहली पारी 187 रन पर सिमटी थी, जिसके बाद प्रोटियाज टीम की पहली पारी 194 रन पर ऑलआउट हुई थी।
जोहानसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में टीम इंडिया ने शुक्रवार को अपनी पारी 49/1 से आगे बढ़ाई। विजय-राहुल की जोड़ी कोई कमाल नहीं कर सकी और अपने कल के स्कोर में सिर्फ दो रन जोड़ सकी। केएल राहुल (16) अपने कल के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर पाए और फिलेंडर की गेंद पर स्लिप में फाफ डू प्लेसी को आसान कैच थमाकर पवेलियन लौट गए।
जल्द ही मोर्ने मोर्केल ने चेतेश्वर पुजारा (1) को दूसरी स्लिप में प्लेसी के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया को जोरदार झटका दिया। राहुल के जल्दी आउट होने के बाद मुरली विजय (25) ने कप्तान कोहली के साथ मिलकर टीम इंडिया की पारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की और टीम को 100 रन पर पहुंचाया। हालांकि, कागिसो रबाडा ने विजय को क्लीन बोल्ड करके टीम इंडिया को करारा झटका दिया। इसी समय अंपायर्स ने लंच की घोषणा कर दी।
लंच के बाद विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे के बीच एक अच्छी साझेदारी हो रही थी कि कागिसो रबाडा ने कप्तान विराट कोहली को 41 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर टीम इंडिया को पांचवां झटका दिया। इसके बाद आए हार्दिक पांड्या के रूप में टीम इंडिया को छठा झटका लगा। पांड्या को चार रन पर रबाडा ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया।
यहां से अजिंक्य रहाणे (48) ने भुवनेश्वर कुमार के साथ सातवें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी करके टीम इंडिया को 200 रन के पार लगाया। 68 गेंदों में 6 चौको की मदद से 48 रन बनाने वाले रहाणे की पारी का अंत मोर्ने मोर्केल ने किया। विकेटकीपर कॉक ने अपनी बाएं ओर डाइव लगाकर रहाणे का अच्छा कैच लपका।
शमी ने छुडाएं अफ्रीकी गेंदबाजों के छक्के
रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी
- फोटो : BCCI
यहां से भुवी ने मोहम्मद शमी (27) के साथ तेजी से 35 रन की साझेदारी की। शमी ने इस दौरान मोर्केल और रबाडा की गेंद पर जानदार छक्के भी जड़े। फिर लुंगी एनगिडी ने शमी का कैच डीविलियर्स के हाथों झिलवाकर इस साझेदारी को तोड़ा। जल्द ही मोर्केल ने राउंड द विकेट से गेंदबाजी करते हुए भुवनेश्वर कुमार (33) को अपना शिकार बनाया।
फिलेंडर ने जसप्रीत बुमराह को मिडऑन में रबाडा के हाथों कैच आउट कराकर भारतीय पारी का अंत किया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से वेर्नोन फिलेंडर, कागिसो रबाडा और मोर्ने मोर्केल ने तीन-तीन विकेट लिए। लुंगी एनगिडी को एक सफलता मिली।
याद हो कि दूसरे दिन टीम इंडिया को पहला झटका पार्थिव पटेल (16) के रूप में लगा, जिन्हें फिलेंडर ने मार्करम के हाथों कैच आउट कराया।
इससे पहले टीम इंडिया की पहली पारी 187 रन के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 194 रन पर सिमटी। जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट लेकर मेजबान टीम को विशाल बढ़त लेने से रोक दिया। बुमराह के अलावा भुवनेश्वर कुमार ने तीन जबकि इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी ने एक-एक विकेट लिया। वहीं दक्षिण अफ्रीका की तरफ से हाशिम अमला (61) सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे।