दक्षिण अफ्रीका को वन-डे से करारी शिकस्त देने के बाद टीम इंडिया की निगाहें टी-20 सीरीज जीतने पर होगी। दोनों टीमों के बीच रविवार को जोहानसबर्ग में पहला टी-20 का मुकाबला खेला जाएगा। विराट कोहली की नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6 वन-डे मैचों की सीरीज 5-1 से जीतकर इतिहास रचा और अब वह अपनी इस लय को बरकरार रखने के लिए टी-20 खेलेने उतरेगी।
इस बीच करीब एक साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे स्टार खिलाड़ी
सुरेश रैना की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में वापसी हुई है। सबकी नजरें उन्हीं पर लगी हुई है कि पहले टी-20 मुकाबले में वह कैसा प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि रैना ने अपना आखिरी टी-20 का मैच इंग्लैंड के खिलाफ फरवरी 2017 में खेला था।
गौरतलब है कि टीम इंडिया ने 2017 चैंपियन्स ट्रॉफी से लेकर अब तक 10 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 7 में जीत दर्ज की है। इस टी-20 सीरीज के लिए रैना, केएल राहुल और जयदेव उनादकट को भी टीम में शामिल किया गया है। इन तीनों खिलाड़ियों ने नेट्स पर जमकर अभ्यास किया।
टीम इंडिया की तरफ से युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी फिर से दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकती है। टीम इंडिया की दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर टी-20 में अच्छी यादें जुड़ी हैं। उसने अपना पहला टी-20 मैच में 2006 में जोहानसबर्ग में ही खेला था और इसके एक साल बाद उसने दक्षिण अफ्रीका में ही महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में पहला टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।