इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवरों में 274 रन बनाए। टीम इंडिया को ओपनर 'गब्बर' शिखर धवन के रूप में पहला झटका लगा। रबाडा ने उनको एन्डिल फेह्लुक्वायो के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। धवन 23 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 34 रन बनाए। इसके बाद यहां से दूसरे विकेट के लिए विराट और रोहित के बीच शानदार 105 रनों की साझेदारी हुई।
रोहित ने 126 गेंदों में 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शानदार 115 रन बनाए। यह उनका वन-डे इंटरनेशनल करियर का 17वां शतक है। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। वहीं, विराट 36 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके अलावा एमएस धोनी (13) भुवनेश्वर कुमार (19*) रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लुंगी एन्गिडी ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 51 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा कागिसो रबाडा को एक विकेट मिला।
बता दें कि पोर्ट ऐलिजाबेथ के सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। टीम इंडिया 5 वन-डे खेले हैं और सभी मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। चार मैचों में उसे दक्षिण अफ्रीका से और एक में केन्या से हार मिली है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो मेजबान टीम ने इस स्टेडियम में 32 वन-डे मैच खेले हैं, जिसमें उसे 20 में जीत, 11 में हार मिली है जबकि एक का कोई नतीजा नहीं निकला था, लेकिन टीम इंडिया ने पोर्ट ऐलिजाबेथ के इस स्टेडियम यह मैच जीतकर एक और इतिहास रच दिया।
मालूम हो कि इससे पहले टीम इंडिया ने डरबन में पहला मैच 6 विकेट से, दूसरा मैच सेंचुरियन में 9 विकेट से और तीसरा मैच केपटाउन में 124 रन से जीता था, लेकिन प्रोटियाज टीम ने बारिश से प्रभावित चौथे पिंक वन-डे में पांच विकेट से जीत हासिल कर मैच में वापसी की थी।