भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में रोमांच के अलावा कई और दिलचस्प मौके भी आते हैं जो तनाव के क्षण के बीच प्रशंसकों का मनोरंजन कर देती है।
कोलकाता के ईडन गार्डंस में महेंद्र सिंह धोनी और शाहिद अफीरीदी की पुरुष टीमों के बीच मुकाबले से पहले दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में दोनों देशों की महिला टीम के बीच मैच खेला गया। लो स्कोरिंग होने के बावजूद यह मैच भी कांटे का रहा।
लेकिन मैच में भारतीय बल्लेबाज अपने ही घर में बड़ा स्कोर करने से चूक गईं और सिर्फ 96 रन ही बना सकीं। हालांकि इस पारी में भारतीय बल्लेबाज जब रन के लिए खासकर गेंद को सीमारेखा के पार पहुंचाने के लिए संघर्ष कर रही थीं तो 16वें ओवर की चौथी गेंद पर एक जोरदार शॉट खेला गया वेदा कृष्णामचारी की ओर से।
कृष्णामचारी ने गेंदबाज नीदा दार की फुलटॉस गेंद पर वाइड लॉग ऑन की दिशा में खेल दिया जिसे पाक क्षेत्ररक्षक ने शानदार ड्राइव लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद कुछ दूर लुढ़ककर रुक भी गई। इस बीच एक और क्षेत्ररक्षक गेंद को लेने के लिए गई लेकिन वह गेंद को उठाने के दौरान सीमारेखा के पार चली गई और जब उसने गेंद उठाई तो उसका एक पैर सीमारेखा के पार तो दूसरा पैर सीमारेखा के अंदर था।