ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया ने दोनों मैचों में जीत हासिल की थी। भारत ने पाकिस्तान के अलावा हॉन्गकॉन्ग को 40 रन से हराया था। वहीं, भारतीय टीम के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में जबरदस्त वापसी की थी। उन्होंने हॉन्गकॉन्ग को 155 रन के विशाल अंतर से हराकर सुपर-4 के लिए क्वालिफाई किया था। दोनों टीमें एकबार फिर दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आमने-सामने हैं।
ग्रुप स्टेज के मुकाबले में भारत ने हर एक डिपार्टमेंट में अपने कट्टर प्रतिद्वंदी को पीछे छोड़ दिया था और पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पांड्या के असाधारण बॉलिंग स्पेल की बदौलत 147 रन ही बना सकी। इसके बाद हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी। भारतीय टीम इस मैच में भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहेगी।
पाक कप्तान बाबर आजम अब तक दोनों मैचों में फ्लॉप रहे हैं। वहीं, मोहम्मद रिजवान ने भारत के खिलाफ 43 रन जरूर बनाए थे, लेकिन उनकी पारी धीमी रही थी। भारत के खिलाफ पिछले मैच में पाकिस्तान का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा था। हालांकि, हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ पाकिस्तान ने वापसी की। रिजवान, फखर जमान और खुशदिल ने आक्रामक बल्लेबाजी की। वहीं, गेंदबाजी में शादाब खान, नसीम शाह और मोहम्मद नवाज ने हॉन्गकॉन्ग की बैटिंग को ध्वस्त कर दिया था।
कहां देख सकेंगे भारत-पाकिस्तान सुपर-4 मुकाबला? यहां क्लिक कर जानें...
पाकिस्तान के खिलाफ हॉन्गकॉन्ग की टीम महज 38 रन पर सिमट गई थी। यह पाकिस्तान का आत्मविश्वास बढ़ा सकता है। हालांकि, तेज गेंदबाज शहनवाज दहानी चोटिल होने की वजह से एशिया कप से बाहर हो गए हैं। इससे टीम को झटका लगा। दहानी ने भारत और हॉन्गकॉन्ग दोनों के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की थी। उनकी जगगह मोहम्मद हसैनन को मौका मिला है।
दूसरी तरफ भारत शानदार फॉर्म में है। टीम के हर एक सदस्य में जरूरत पड़ने पर मैच पलटने की क्षमता है। हालांकि, सभी की निगाहें एकबार फिर हार्दिक पांड्या पर होंगी। हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ पिछले मैच में उन्हें आराम दिया गया था। हालांकि, अब उन्होंने प्लेइंग-11 में वापसी की है। रवींद्र जडेजा के चोटिल होने से टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है।
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, दीपक हुड्डा, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई।
पाकिस्तानी टीम: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, शादाब खान, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, हारिस रऊफ, मोहम्मद हसनैन।