फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वानखेड़े में अगले वार को तैयार टीम इंडिया

Thu, 22 Nov 2012 11:19 PM IST
मुंबई/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच शुक्रवार से यहां के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। पहला टेस्ट मैच जीत चुकी मेजबान भारत की नजर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने पर होगी।
विज्ञापन


वानखेड़े का रिकॉर्ड भी भारत के पक्ष में है। दोनों देशों के बीच यहां खेले गए कुल छह टेस्ट मैचों में से मेजबानों ने चार जीते हैं जबकि एक ड्रा रहा है। इंग्लैंड ने यहां एकमात्र टेस्ट 1980 में जीता था।  अहमदाबाद टेस्ट मैच में स्पिनरों के सामने घुटने टेक चुकी मेहमान इंग्लैंड टीम को मुंबई टेस्ट मैच में भी स्पिन ट्रैक पर धोनी एंड कंपनी का सामना करना होगा।

ऐसे में इंग्लैंड के लिए सीरीज में बराबरी करना कतई आसान नहीं होगा। इंग्लैंड की स्पिनरों के खिलाफ कमजोरी को देखकर ही भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मुंबई टेस्ट के लिए भी टर्निंग ट्रैक की मांग की थी। इसके बावजूद धोनी सिर्फ दो स्पिनरों प्रज्ञान ओझा और आर अश्विन के साथ मैदान में उतरेंगे। ऐसे में अनुभवी हरभजन सिंह को एक बार फिर बेंच पर ही बैठना पड़ेगा।
विज्ञापन


भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के लिए कैरियर का यह 100वां टेस्ट मैच होगा और इसे वह शतक लगाकर यादगार बनाना चाहेंगे। दूसरी तरफ, इंग्लैंड शायद इस बार स्पिनर मोंटी पनेसर को बाहर बैठाने की गलती नहीं करेगा। टर्निंग विकेट को देखते हुए इंग्लैंड ग्रीन स्वान, समित पटेल और मोंटी पनेसर के साथ मैदान में उतर सकता है।

चोटिल उमेश बाहर, इशांत खेलेंगे
तेज गेंदबाज उमेश यादव पीठ की चोट के कारण इस मैच में नहीं खेलेेंगे। भारतीय टीम प्रबंधन ने बंगाल के मीडियम पेसर अशोक डिंडा को उनके कवर के तौर पर टीम में शामिल किया है लेकिन डिंडा के भी इस मैच में खेलने की संभावना बेहद कम है। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, ‘उमेश इस टेस्ट के लिए अनफिट हैं। उनकी पीठ में सूजन है। हम उन्हें खिलाने का खतरा नहीं उठा सकते। हम मैच में दो तेज गेंदबाजों और दो स्पिनरों के साथ उतरेंगे। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा पूरी तरह से फिट हो गए हैं और उनका खेलना तय है।’

इंग्लैंड को खलेगी बेल की कमी
व्यक्तिगत कारणों के कारण भारत दौरे के बीच से ही स्वदेश लौटे बल्लेबाज इयान बेल की कमी इंग्लैंड टीम को काफी खलेगी। कप्तान एलिस्टर कुक ने कहा, ‘इयान बेल हमारे साथ नहीं होंगे। हमें उनके अनुभव की कमी खलेगी लेकिन इससे किसी दूसरे खिलाड़ी को मौका मिलेगा।’

‘जब आप बड़े अंतर से हारते हैं तो आपका आत्मविश्वास डगमगा जाता है। लेकिन यहां हमारे पास वापसी का मौका है। हमें पिछले हफ्ते की गई गलतियों से सीखना है। हमें यहां अपनी तरफ से पूरी कोशिश करनी है और बढ़िया खेलना है।’
विज्ञापन

-एलिस्टर कुक, कप्तान, इंग्लैंड

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें