भारत और इंग्लैंड के बीच 24 फरवरी से चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। इसके लिए टीम इंडिया गुरुवार को अहमदाबाद के लिए रवाना होगी। इस वक्त भारतीय टीम चेन्नई में है और गुरुवार को यहां आईपीएल 2021 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होनी है। नीलामी करीब दोपहर साढे़ तीन से शुरू होगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जब खिलाड़ियों की नीलामी हो रही होगी इसी दौरान भारतीय टीम चेन्नई से अहमदाबाद के लिए रवाना होगी।
तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम की घोषणा
बीसीसीआई ने बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। टीम में कोई खास बदलाव नहीं किया गया है। केवल तेज गेंदबाज उमेश यादव अहमदाबाद में टीम से जुड़ेंगें। मगर इसके पहले उनकी फिटनेस जांच की जाएगी। वे शार्दुल ठाकुर की जगह लेंगे। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी की उम्मीद थी, लेकिन शायद वह पूरी तरह फिट नहीं हैं। शाहबाज नदीम और शार्दुल ठाकुर को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए टीम से मुक्त किया गया है।
चार मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर
भारत और इंग्लैंड के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। शुरुआती दो टेस्ट चेन्नई में खेले गए थे। पहला मैच इंग्लैंड ने 227 रन तो दूसरा टेस्ट मेजबान भारत ने 317 रन के रिकॉर्ड अंतर से जीता था। यह टीम इंडिया की रनों के लिहाज से इंग्लैंड पर सबसे बड़ी जीत थी।
ऐसी है भारतीय टीम
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ऋधिामन साहा (विकेटकीपर), आर अश्विन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।