शुभमन गिल पिंडली में चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच शुरू हो रही टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 4 अगस्त को ट्रेंट ब्रिज नॉटिंघम में खेला जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बीसीसीआई को पत्र लिखा था कि देवदत्त पडीक्कल और पृथ्वी शॉ को इंग्लैंड भेजा जाए। यह बात टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर रितेंदर सिंह सोढ़ी को अजीब लगती है।
इंडिया न्यूज स्पोर्ट्स से बात करते हुए रितेंदर सिंह सोढ़ी ने कहा, चेतन शर्मा की अगुवाई वाली चयनसमिति ने बहुत अच्छे खिलाड़ियों का चयन किया है। और 20 लड़के इंग्लैंड भेजे हैं। 20 खिलाड़ी काफी होते हैं। कुछ नेट गेंदबाज हैं जो रिप्लेसमेंट के तौर पर आ सकते हैं। यह मांग है कि भारत के लिए सलामी बल्लेबाज और भेजे जाएं इसे समझना मुश्किल है।
सोढ़ी का मानना है, मयंक अग्रवाल, केएल राहुल, और अभिमन्यु ईश्वरन भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए योग्य खिलाड़ी हैं, सलामी बल्लेबाज के तौर पर मयंक का रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली है, वह दो बार दोहरा शतक लगा चुके हैं। वहीं केएल राहुल भी 5 शतक लगा चुके हैं, हालांकि वह आखिरी बार भारत के लिए 2019 में टेस्ट खेले थे। जहां तक ईश्वरन का सवाल है वह आरक्षित खिलाड़ी हैं लेकिन बंगाल के लिए ढेरों रन बनाए हैं।
उन्होंने आगे कहा, शुभमन गिल चोटिल हैं, तो उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर मयंक अग्रवाल, केएल राहुल और अभिमन्यु ईश्वर हैं जो कुछ साल से अपने अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ईश्वरन ने बंगाल की कप्तानी करते हुए ढेरों रन बनाए हैं। सोढ़ी ने कहा, मेरा मानना है कि ईश्वरन एक ओपनर के तौर पर योग्य खिलाड़ी हैं, मेरा व्यक्तिगत विचार है कि ईश्वरन, मयंक और राहुल वहां पहले से हैं इसलिए उन्हें मौका दिया जाना चाहिए।