इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद सुबह के सत्र में उसे एकमात्र झटका रविचंद्रन अश्विन (33 रन पर एक विकेट) ने पारी के नौवें ओवर में एलिस्टर कुक (13) को बोल्ड करके दिया। मीडिल स्टंप पर पिच होने के बाद बाहर की ओर मूव होती गेंद ने कुक का आफ स्टंप उखाड़ा।
भारत के लिए नई गेंद से आक्रमण की शुरुआत उमेश यादव और इशांत शर्मा ने की। इशांत अच्छी लय में दिए। बाएं हाथ के बल्लेबाजों कुक और जेनिंग्स को इशांत की बाहर की ओर मूव होती गेंदों के खिलाफ परेशानी का सामना करना पड़ा।
जेनिंग्स जब नौ रन बनाकर खेल रहे थे तब इशांत की गेंद ने उनके बल्ले का किनारा लिया लेकिन स्लिप में उप कप्तान अजिंक्य रहाणे कैच लपकने में नाकाम रहे। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सबको हैरान करते हुए सातवें ओवर में ही अश्विन को गेंदबाजी आक्रमण में लगा दिया।
अश्विन ने कप्तान को निराश नहीं करते हुए अपने दूसरे ओवर में ही भारत को सफलता दिला दी। इस ऑफ स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट में आठवीं बार कुक को आउट किया। रूट शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे। उन्होंने कुछ अच्छी बाउंड्री लगाई और लय इंग्लैंड के पक्ष में की।
शमी दूसरे बदलाव के तौर पर गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने सटीक गेंदबाजी की लेकिन शुरू में उनकी गेंदबाजी में धार नदारद दिखी। इंग्लैंड के 50 रन 16वें ओवर में पूरे हुए। भारत ने दूसरे सत्र में प्रभावी शुरुआत की लेकिन जेनिंग्स और रूट ने सात ओवर तक मेहमान टीम के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा।
कोहली ने 36वें ओवर में गेंद शमी को थमाई। वह ओवर की शुरुआत करते इससे पहले की एक कबूतर पिच से समीप आ गया जिसे जेनिंग्स ने पिच से दूर किया लेकिन वह उड़ा नहीं। जेनिंग्स और रूट इसके बाद दोबारा कबूतर को उड़ाने गए लेकिन वह मैदान पर बैठा रहा।
इस घटना ने संभवत: जेनिंग्स की एकाग्रता तोड़ी और वह शमी की अंदर आती अगली गेंद को विकेटों पर खेल गए। उन्होंने 98 गेंद का सामना करते हुए चार चौके मारे।
अश्विन ने नए बल्लेबाज मलान के खिलाफ पगबाधा की विश्वसनीय अपील की जिसे अंपायर ने ठुकरा दिया। भारत ने रिव्यू लिया लेकिन तीसरे अंपायर ने भी फैसला बल्लेबाज के पक्ष में सुनाया जिससे मेहमान टीम ने रिव्यू गंवा दिया।
शमी ने इसके बाद तेजी से अंदर आती गेंद पर डेविड मलान (08) को पगबाधा करके इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 112 रन किया। मलान ने डीआरएस का सहारा लिया लेकिन फैसला भारत के पक्ष में गया।
कप्तान रूट इस बीच अश्विन की गेंद पर 39 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया लेकिन पहली स्लिप में खड़े रहाणे इसे लपकने में नाकाम रहे और गेंद चार रन के लिए चली गई। इस चौके के साथ 70वां टेस्ट खेल रहे रूट छह हजार रन पूरे करने वाले इंग्लैंड के 15वें बल्लेबाज बने।
रूट ने इशांत की गेंद पर एक रन के साथ 107 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। यह भारत के खिलाफ 12 टेस्ट में रूट का 12वां अर्धशतक है।
रूट को इसके बाद बेयरस्टो के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। बेयरस्टा ने अश्विन पर चौके के साथ 49वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।
चाय के विश्राम के बाद बेयरस्टो ने स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी की। बटलर ने शमी पर चौका जड़ा जबकि रूट ने पांड्या पर लगातार दो चौके मारे।
बेयरस्टो पांड्या और शमी के लगातार ओवरों के भाग्यशाली रही। पांड्या के ओवर में कवर ड्राइव खेलने की कोशिश में वह गेंद को हवा में खेल गए लेकिन यह कप्तान कोहली के हाथों तक नहीं पहुंची। अगले ओवर में शमी की गेंद ने बेयरस्टो के बल्ले का बाहरी किनारा लिया लेकिन यह स्लिप के ऊपर से चार रन के लिए चली गई।
बेयरस्टो ने पांड्या पर लगातार दो चौकों के साथ 72 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
बेयरस्टो ने अश्विन पर चौके से रूट के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की लेकिन इसी ओवर में दो रन लेने की कोशिश में रूट कोहली के सटीक निशाने का शिकार बनकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 156 गेंद की पारी में नौ चौके मारे।
बेयरस्टो भी इसके बाद उमेश की उछाल लेती गेंद को विकेटों पर खेल गए। उन्होंने 88 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके जड़े।
अश्विन ने इसके बाद बेहतरीन फार्म में चल रहे जोस बटलर (00) को पगबधा किया जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 216 रन से छह विकेट पर 224 रन हो गया।
बेन स्टोक्स भी 41 गेंद में 21 रन बनाकर अश्विन को उन्हीं की गेंद पर कैच दे बैठे।
कुरैन और आदिल रशीद (13) ने इसके बाद कुछ उपयोगी रन बटोरे। दोनों ने टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया। कुरेन ने पंड्या पर दो चौके मारे जबकि राशिद ने अश्विन पर लगातार दो चौके जड़े।
इशांत ने रशीद को पगबाधा करके कुरैन के साथ उनकी 35 रन की साझेदारी का अंत किया। अंपायर ने रशीद को नाटआउट करार दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला भारत के पक्ष में गया।
अश्विन ने इसके बाद स्टुअर्ट ब्राड (01) को पगबाधा किया। दिन के अंतिम ओवर में विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने शमी की गेंद पर कुरैन का कैच टपकाया।