भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला के दूसरे टेस्ट में एम ए चिदंबरम स्टेडियम में 50 प्रतिशत दर्शकों को आने की अनुमति दी है। टीएनसीए के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को पीटीआई-भाषा को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया को भी स्टेडियम में प्रेस बॉक्स से दोनों टेस्ट मैचों को कवर करने की अनुमति दी जाएगी कोविड-19 से नई दिशा-निर्देश के जारी होने के बाद इस मुद्दे पर टीएनसीए के सदस्यों के बीच चर्चा हुई।
टीएनसीए और बीसीसीआई अधिकारियों के बीच हुई बैठक में इसकी मंजूरी दी गई। नई दिशा-निर्देश में खेल स्थलों में दर्शकों के प्रवेश की मंजूरी का प्रावधान है। टीएनसीए अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, 'खेल स्थलों को लेकर कोविड-19 से जुड़ी केन्द्र सरकार की नयी दिशानिर्देश में पर दर्शकों मंजूरी मिलने और राज्य सरकार से रविवार को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के जारी होने के बाद हमने भारत-इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए दर्शकों को अनुमति देने पर चर्चा की।'
अधिकारी ने यह भी कहा कि मीडिया को स्टेडियम में प्रेस बॉक्स से दोनों टेस्ट मैचों को कवर करने की अनुमति दी जाएगी। संवाददाता सम्मेलन हालांकि अब भी ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले बीसीसीआई और टीएनसीए ने फैसला किया था कि पहले दो मैच दर्शकों के बिना खेले जाऐंगे। लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंधों में ढील देने की केन्द्रीय गृह मंत्रालय के ताजा दिशानिर्देशों के बाद इसमें बदलाव किया गया।
अधिकारी ने कहा कि शुरुआती टेस्ट के लिए दर्शकों के प्रवेश की अनुमति देने के लिए बहुत कम समय था। उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे टेस्ट के बीच केवल तीन दिनों का अंतर है लेकिन टीएनसीए स्टेडियम में 50 प्रतिशत दर्शकों को अनुमति देने के लिए व्यवस्था करने को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने कहा, 'पहले टेस्ट के लिए दर्शकों के प्रवेश की व्यवस्था करने के लिए बहुत कम समय है। पहले और दूसरे टेस्ट के बीच केवल तीन दिन का समय है, हम आश्वस्त हैं कि दूसरे टेस्ट में प्रशंसकों की सुरक्षा के मानदंडों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था की जा सकती है।'