दूसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को पहला झटका आदिल राशिद (15) को रूप में लगा। जसप्रीत बुमराह ने राशिद को एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके साथ ही टीम इंडिया को आठवीं सफलता मिली। राशिद दूसरे दिन मात्र 11 जोड़ पाए। वह पहले दिन 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। आठवें विकेट के लिए बटलर और राशिद के बीच 33 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद जोस बटलर और स्टुअर्ट ब्रॉड की जोड़ी ने रविंद्र जडेजा ने तोड़ा। उन्होंने 118वें ओवर की तीसरी गेंद पर ब्रॉड को केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया। वह 59 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 38 रन बनाए। 9वें विकेट के लिए बटलर और ब्रॉड के बीच 98 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई। राहुल ने ब्रॉड का बेहतरीन कैच लपका। इस सीरीज में राहुल का यह 14वां कैच था।
वहीं, रविंद्र जडेजा ने अपनी गेंदबाजी का एक बार फिर कमाल दिखाते हुए 122वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोस बटलर को अपना शिकार बनाया। जडेजा ने बटलर को रहाणे के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। बटलर ने 133 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। उन्होंने 83 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टेस्ट करियर का दसवां पचासा जड़ा। इसी के साथ इंग्लैंड की पहली पारी का अंत हुआ। जडेजा के अलावा बुमराह और इशांत शर्मा ने 3-3 विकेट हासिल किए।
इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 90 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए थे। बता दें कि पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन दो बदलाव किया गया है। हनुमा विहारी को हार्दिक पांड्या की जगह टेस्ट में डेब्यू करने का मौका दिया गया है। वहीं, रवींद्र जडेजा को आर अश्विन की जगह टीम में शामिल किया गया है।
टीम इंडिया : लोकेश राहुल, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा और जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड टीम: एलिस्टर कुक, कीटोन जेनिंग्स, जो रूट (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), बेन स्टोक्स, जोस बटलर, सैम करन, मोइन अली, आदिल रशीद, स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन