भारतीय टीम का पहली बार महिला वर्ल्ड टी-20 का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया। रविवार को मेलबर्न क्रिकेट मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। अपना छठा फाइनल खेल रही चार बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने यहां जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को हर क्षेत्र में मात दी। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 85 रन के विशाल अंतर से हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब पर कब्ज़ा जमाया।
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एलिसा हिली (75) और बेथ मूनी (78) रनों की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में 184 रन बनाए और भारत के सामने एक विशाल लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे पूरी तरह से घुटने टेक दिए। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली पूरी टीम 19.1 ओवर में महज 99 रन पर ही ढेर हो गई। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, वहीं ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मेगन शुट ने सर्वाधिक ने चार और जेस जोनासन ने तीन विकेट चटकाए।
भारतीय पारी के 15 ओवर पूरे हो चुके हैं और टीम को अभी भी 30 गेंदों में 104 रन की आवश्यकता है। भारत का स्कोर: 81/5, ऋचा घोष (10) और दीप्ति शर्मा (28)
भारत के विकेट गिरने का सिलसिला जारी है। 28 रन की साझेदारी करने के बाद वेदा भी लौटी पवेलियन। 12वें ओवर की तीसरी ही गेंद पर वेदा ने हवा में शॉट खेला और कैच दे बैठीं। भारत का स्कोर: 58/5, ऋचा घोष (00) और दीप्ति शर्मा (15)
कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला एक बार फिर से नहीं चला, अपने जन्मदिन पर उन्होंने मात्र चार रन बनाए। छठे ओवर की चौथी गेंद पर कौर को जोनासन ने गार्डनर के हाथों कैच करवाया। छह ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर: 32/4, स्मृति मंधना (00) और दीप्ति शर्मा (08)
भारतीय टीम की निराशाजनक शुरुआत। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे टीम ने मात्र 20 रन के अंदर ही तीन विकेट गंवाए। अब स्मृति मंधना भी लौटी पवेलियन। चौथी ओवर की पहली ही गेंद पर स्मृति ने शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवाया।
तानिया भाटिया के चोटिल होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी जेमिमा रॉड्रिग्स ने भी निराश किया। रॉड्रिग्स दो गेंद खेलकर खाता खोले बगैर ही पवेलियन लौटीं। उन्हें दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर जोनासन ने आउट किया। दो ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर: 5/2, स्मृति मंधना (02) और जेमिमा रॉड्रिग्स (00)
शेफाली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी तानिया भाटिया हुई चोटिल। दूसरे ओवर की तीसरी ही गेंद पर शॉट खेलने के दौरान गेंद भाटिया के हेलमेट में लगी, इसके बाद उन्हें मैदान के बाहर ले जाया गया।
ऑस्ट्रेलिया के 184 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत की तरफ से स्मृति मंधना और शेफाली वर्मा ने की पारी की शुरुआत।
ऑस्ट्रेलियाई सलामी जोड़ी ने फाइनल में जबरदस्त बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बनाए, दोनों ने अपने -अपने अर्द्धशतक पूरे करने के साथ ही पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की।
दीप्ति शर्मा का शानदार ओवर, उन्होंने अपने 17वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया को दो विकेट गिराए। भारतीय स्पिनर ने पहले कप्तान लैनिंग को आउट करवाया और फिर गार्डनर को पवेलियन भेजा। 18 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर: 167/3, रशेल हेन्स (03) और बेथ मूनी (68)
ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाने के बाद भी रनों की रफ़्तार बरकारर रखी है। हिली के आउट होने के बाद बेथ मूनी ने तेज बल्लेबाजी शुरू की, उन्होंने 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर: 154/1, मेग लेनिंग (16) और बेथ मूनी (60)
ऑस्ट्रेलिया को तेज शुरुआत दिलाने के बाद एलिसा हिली बनी राधा यादव का शिकार। लेकिन आउट होने से पहले हिली ने मात्र 39 गेंद में सात चौके और पांच छक्के की मदद से 75 रन बनाए और पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की। 13 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर: 123/1, मेग लेनिंग (05) और बेथ मूनी (41)
ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल मुकाबले में जबरदस्त शुरुआत की है, मेजबान टीम ने 11 वें ओवर में ही बिना विकेट गंवाए अपने 100 रन पूरे कर लिए हैं। हिली ने शिखा पांडे की 11वें ओवर में लगातार तीन छक्के की मदद से 23 रन बटोरे। 11 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर: 114/0, एलिसा हिली (75) और बेथ मूनी (37)
वर्ल्ड टी-20 के फाइनल में एलिसा हिली ने की शानदार शुरुआत, मात्र 30 गेंदों में जड़ा अपना अर्धशतक। दस ओवर की समाप्ति के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर: 91/0, एलिसा हिली (57) और बेथ मूनी (32)
ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल मुकाबले में तेज शुरुआत की है, उन्होंने सातवें ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन बना लिए हैं। सात ओवर की समाप्ति के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर: 54/0, एलिसा हिली (32) और बेथ मूनी (22)
ऑस्ट्रेलिया की सलामी बल्लेबाज एलिसा हिली ने अंतरराष्ट्रिय टी-20 करियर में अपने 2000 रन पूरे कर लिए हैं, वे अब ऐसा करने वाली दूसरी ऑस्ट्रेलियाई और 11वीं खिलाड़ी हैं।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से उनकी सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत की है। एलिसा हिली अब तक छह चौके लगा चुकी हैं और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने में सफल रही हैं। चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर: 37/0 एलिसा हिली (28) और बेथ मूनी (09)
टॉस के बाद दोनों ही टीम के खिलाड़ी अपने-अपने देश के राष्ट्रगान के लिए मैदान पर आईं।
मैच से पहले अमेरिकन पॉप स्टार कैटी पैरी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर परफॉर्मेंस दी।