कुलदीप यादव (54/3) की हैट्रिक और विराट कोहली (92) की उम्दा पारी की बदौलत टीम इंडिया ने गुरुवार को दूसरे वन-डे में ऑस्ट्रेलिया को 50 रन से हरा दिया। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 50 ओवर में 252 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 43.1 ओवर में 202 रन पर ढेर हो गई। मैच में 92 रन की उम्दा पारी खेलने वाले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विज्ञापन
भुवनेश्वर कुमार ने केन रिचर्डसन को LBW आउट करके कंगारूओं की पारी का अंत किया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्कस स्टोइनिस की पारी पर पानी फिर गया। वो 65 गेंदों में 6 चौको और तीन छक्को की मदद से 62 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया अब दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़कर आईसीसी वन-डे रैंकिंग में टॉप पर पहुंच गई है। अब सीरीज का तीसरा मैच 24 सितंबर यानी रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम पर खेला जाएगा।
विज्ञापन
टीम इंडिया द्वारा मिले 253 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भुवनेश्वर कुमार ने बिगाड़ दी। उन्होंने पहले हिल्टन कार्टराइट (1) को क्लीन बोल्ड किया और फिर डेविड वॉर्नर (1) को दूसरी स्लिप में रहाणे के हाथों कैच आउट कराया।
ये भी पढ़ें : एक टॉवल के गिरने से ये मौका चूक गए विराट कोहली
इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ ने ट्रेविस हेड (39) के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलियाई पारी संभाली। मगर चहल की एक फुलटॉस गेंद पर हेड ने मिडविकेट पर मनीष पांडे को बेहद आसान कैच थमा दिया। मैक्सवेल (14) बड़ी पारी नहीं खेल सके और चहल ने उन्हें स्टंपिंग करा दिया। धोनी ने दर्शनीय स्टंपिंग की।
नहीं बना स्मिथ का 'शतक स्पेशल', टीम इंडिया की शुरुआत भी गड़बड़ाई
स्टीव स्मिथ
- फोटो : ESPN
एक छोर पर खड़े स्टीव स्मिथ (59) ने अपने 100वें वन-डे को स्पेशल बनाने की कोशिश की, लेकिन हार्दिक पांड्या ने बाउंसर पर उन्हें जडेजा के हाथों कैच आउट करा दिया। फिर कुलदीप यादव ने जलवा बिखेरा।
चाइनामैन ने 33वें ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर क्रमशः मैथ्यू वेड (2), एशटन आगर और पैट कमिंस को आउट करके हैट्रिक पूरी की। वो वन-डे में हैट्रिक लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने।
टीम इंडिया की तरफ से कुलदीप यादव और ने भुवनेश्वर कुमार ने तीन-तीन विकेट लिए। हार्दिक पांड्या और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए।
ये भी पढ़ें : एमएस धोनी का एक और अचीवमेंट, टीम इंडिया के लिए पूरा किया 'तिहरा शतक'
इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। विराट कोहली (92) की कप्तानी पारी की मदद से टीम इंडिया ने गुरुवार को दूसरे वन-डे में ऑस्ट्रेलिया के सामने 253 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर 252 रन पर ऑलआउट हुई। जसप्रीत बुमराह 10 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन कोल्टर नाइल और केन रिचर्डसन ने तीन-तीन विकेट लिए। पैट कमिंस और एशटन आगर को एक-एक सफलता मिली।
विराट ने संभाली टीम इंडिया की पारी
विराट कोहली
टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा (7) का कैच कोल्टर नाइल ने अपनी ही गेंद पर लेकर ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई। फिर अजिंक्य रहाणे (55) के कप्तान कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी करके टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
रहाणे ने कमिंस द्वारा किए पारी के 23वें ओवर की पांचवीं गेंद पर स्क्वायर लेग की दिशा में शॉट खेलकर एक रन लिया और अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने 62 गेंदों में 6 चौको की मदद से अपने वन-डे करियर का 20वां अर्द्धशतक जमाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रहाणे ने तीसरी बार फिफ्टी जमाई। इसके बाद तालमेल की कमी के कारण वो रनआउट होकर पवेलियन लौट गए।
ये भी पढ़ें : सेंचुरी नहीं बनाने के बाद भी विराट के नाम दर्ज हुआ ये खास रिकॉर्ड
इसके बाद कोहली ने आगर द्वारा किए पारी के 22वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लांगऑन की दिशा में शॉट खेलकर एक रन लिया और अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने 60 गेंदों में 5 चौको की मदद से अपने वन-डे करियर का 45वां अर्द्धशतक जमाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोहली ने पांचवी बार फिफ्टी जमाई।
जल्द ही मनीष पांडे (3) को एशटन आगर ने क्लीन बोल्ड किया। यहां से कोहली ने केदार जाधव (24) के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। जाधव को नाइल ने पॉइंट पर मैक्सवेल के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
नर्वस 90 का शिकार हुए विराट
विराट कोहली
- फोटो : ESPN
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली शतक बनाने से चूक गए। उन्हें कोल्टर नाइल ने क्लीन बोल्ड किया। कोहली ने 107 गेंदों में 8 चौको की मदद से 92 रन बनाए। विराट कोहली पांचवीं बार नर्वस 90 का शिकार हुए। एमएस धोनी (5) कुछ खास नहीं कर सके और रिचर्डसन की गेंद पर शॉर्ट कवर्स में स्मिथ को कैच थमाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद भुवनेश्वर कुमार (20) को रिचर्डसन ने लांगऑन पर मैक्सवेल के हाथों कैच आउट कराया। पैट कमिंस ने अगले ही ओवर में कुलदीप यादव को विकेटकीपर मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। वेड ने बाईं ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लिया। यादव खाता नहीं खोल सके। हार्दिक पांड्या (20) को केन रिचर्डसन ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर लांगऑफ पर वॉर्नर के हाथों कैच आउट कराया। युजवेंद्र चहल (1) आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे। उन्हें विकेटकीपर वेड ने रनआउट किया।
मैच में अजीब वाकया घटा जब पारी के 48वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या के आउट होने पर बवाल हो गया। रिचर्डसन की लो फुलटॉस गेंद पर पांड्या ने हवा में शॉट खेला, जिसे कवर्स में स्मिथ ने आसानी से लपक लिया। मगर अंपायर ने इसे डेड बॉल करार दिया क्योंकि बारिश शुरू हो चुकी थी।
एमसीसी के कानून 27.7 के मुताबिक अंपायर किसी भी गलतफहमी में बल्लेबाज को नॉटआउट करार दे सकता है। पांड्या को भी इसी का फायदा मिला और बारिश रुकने के बाद वो बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर आए।