आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 का फाइनल मुकाबला टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच शनिवार को टौरंगा के बे ओवल में खेला जाएगा। टू्र्नामेंट में अब तक प्रदर्शन के आधार पर टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। टीम इंडिया ने मौजूदा टूर्नामेंट में अभी तक कोई मैच नहीं गंवाया है। यहां तक कि फाइनल में अपनी प्रतिद्वंद्वी कंगारू टीम को भी वह ग्रुप मैच में करारी शिकस्त दे चुकी है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को लेकर दोनों टीमें आत्मविश्वास से भरी हुई हैं। ऑस्ट्रेलिया ने जहां अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है, वहीं टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 203 रन से रौंदकर टूर्नामेंट में अपनी धाक बरकरार रखी है। कंगारुओं पर जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपने विजय अभियान का आगाज करने वाली टीम इंडिया विश्व विजेता बनने से अब सिर्फ एक कदम दूर है।
दोनों टीम के सभी खिलाड़ी इस वक्त जबर्दस्त फॉर्म में हैं, लेकिन क्रिकेट जगत के दिग्गज टीम इंडिया की इस युवा ब्रिगेड को अब तक की सबसे बेहतरीन टीम मान रहे हैं।
शुभमन गिल, मनजोत कालरा, कप्तान
पृथ्वी शॉ, कमलेश नागरकोटी, शिवम मावी और इशान पोरेल जैसे खिलाड़ियों की वजह से यह टीम काफी बैलेंस नजर आती है। इस पूरे टूर्नामेंट में इन खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने इंटरनेशनल लेवल की टॉप टीमों को धूल चटाई है।
पृथ्वी शॉ
अंडर-19 वर्ल्ड कप का इतिहास
दोनों ही टीमों ने तीन-तीन बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। ऑस्ट्रेलिया ने जहां 1988, 2002 और 2010 में इस खिताब पर कब्जा किया था, वहीं टीम इंडिया साल 2000, 2008 और 2012 में विश्वकप विजेता बनी थी। टीम इंडिया ने 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। इस टूर्नामेंट में युवराज सिंह मैन ऑफ द टूर्नामेंट बने थे। वहीं 2008 में विराट कोहली और 2012 में उनमुक्त चंद की कप्तनी में टीम इंडिया ने अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।
आमने-सामने
14 जनवरी को खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 के ग्रुप मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इससे पहले भी साल 2012 के वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी थी। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2012 के फाइनल मैच में कप्तान उनमुक्त चंद की शतकीय पारी से कंगारू टीम चारों खाने चित हो गई थी।
prithvi shaw
मौसम
टौरंगा के बे ओवल में होने वाले फाइनल मुकाबले के दौरान मौसम एकदम साफ रहेगा। मैच में किसी तरह की रुकावट होने की संभावना काफी कम है। पिच को देखकर समझा जा रहा है कि बल्लेबाजों को काफी मदद मिलेगी।
संभावित टीमें
भारत: पृथ्वी शॉ (कप्तान), शुभमन गिल, आर्यन जुयाल, अभिशेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, हार्विक देसाई, मनजोत कालरा, कमलेश नागरकोटी, पंकज यादव, रियान पराग, इशान पोरेल, हिमांशु राणा, अनुकुल रॉय, शिवम मावी, शिवा सिंह
ऑस्ट्रेलिया: जेसन संघा (कप्तान), विल सदरलैंड, जेवियर बार्टलेट, मैक्स ब्रयांट, जैक एडवर्ड्स, जाक इवांस, जारोड फ्रीमैन, रयान हैडली, बैक्सटर होल्ट, नैथन मैक्सवीनी, जोनाथन मैरलो, लॉयड पोप, जेसन राल्सटन, परम उप्पल, ऑस्टिन वॉ