फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG: सितंबर में भिड़ेंगे भारत और अफगानिस्तान, अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जा सकती है टी20 सीरीज

Thu, 23 Jul 2026 07:02 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित तीन मैचों की टी20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने की संभावना है, हालांकि आधिकारिक शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है। यह पहली बार होगा जब अफगानिस्तान भारतीय सरजमीं पर भारत के खिलाफ अपनी घरेलू टी20 सीरीज की मेजबानी करेगा।

विज्ञापन
श्रेयस अय्यर - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर 2026 में प्रस्तावित तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का संभावित कार्यक्रम सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सीरीज के सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा सकते हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) की ओर से अभी तक आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, तीन मैचों की टी20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को आयोजित की जा सकती है। खास बात यह है कि यह पहली बार होगा जब अफगानिस्तान भारत के खिलाफ अपनी घरेलू सीरीज की मेजबानी भारतीय सरजमीं पर करेगा।
विज्ञापन

पहली बार भारत में भारत की मेजबानी करेगा अफगानिस्तान
अफगानिस्तान लंबे समय से सुरक्षा कारणों के चलते अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भारत में खेलता रहा है। इससे पहले टीम ने लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा को अपना होम वेन्यू बनाया था, लेकिन भारत के खिलाफ उसकी कोई घरेलू सीरीज भारत में नहीं खेली गई थी। ऐसे में यह सीरीज एक ऐतिहासिक अवसर साबित हो सकती है।

व्यस्त कार्यक्रम के बीच होगी टी20 सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित यह सीरीज भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के बीच आयोजित होगी। श्रीलंका दौरे पर दूसरा टेस्ट मैच 27 अगस्त को समाप्त होने वाला है, जबकि एशियाई खेल 2026 का आयोजन 24 सितंबर से जापान में शुरू होगा। ऐसे में सितंबर के मध्य में इस टी20 सीरीज के लिए समय निकाला गया है।

हालिया दौरे में भारत का दबदबा
दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत जून 2026 में हुई थी, जब अफगानिस्तान ने भारत का दौरा किया था। उस दौरे में भारत ने न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रन से हराया था। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

टी20 में वापसी की तलाश में टीम इंडिया
टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम का इस प्रारूप में प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया को पहले आयरलैंड के खिलाफ उसके घर में 2-0 से टी20 सीरीज गंवानी पड़ी। इसके बाद इंग्लैंड ने भी अपने घर में पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 4-0 से मात दी। लगातार दो टी20 सीरीज में जीत दर्ज नहीं कर पाने के बाद भारतीय टीम अब जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज और उसके बाद संभावित अफगानिस्तान सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर लय हासिल करना चाहेगी।
विज्ञापन

संभावित टी20 सीरीज कार्यक्रम
  • पहला टी20: 13 सितंबर, अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
  • दूसरा टी20: 15 सितंबर, अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
  • तीसरा टी20: 17 सितंबर, अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
  • (आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें