सिद्धेश वीर (71) और तिलक वर्मा (59) की अर्द्धशतकीय पारियों के बाद अर्थव अनकोलेकर (3/16) और सुशांत मिश्रा (3/35) की उम्दा गेंदबाजी से भारतीय अंडर-19 टीम ने चार देशों की सीरीज में न्यूजीलैंड को 120 रन से रौंदकर जीत की हैट्रिक लगाई।
भारत ने पहले खेलते हुए मैन ऑफ द मैच वीर और वर्मा के बीच पहले विकेट के लिए हुई 135 रन की साझेदारी की बदौलत सात विकेट पर 252 रन बनाए। वीर ने अपनी पारी में 87 गेंदों का सामना कर छह चौके और दो छक्के तो वर्मा ने 77 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाया।
शाशवत रावत ने 39, शुभांग हेगड़े ने नाबाद 26 और कप्तान प्रियम गर्ग ने 19 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए आदित्य अशोक, बेहकम और जेसी तशकोफ ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 35.5 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। बेहकम (50), जेसी (29) और हेडेन डिस्कन (12) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। भारत के लिए विद्याधर पाटिल ने दो और हेगड़े और रक्शन ने एक-एक विकेट लिया।