पश्चिम बंगाल के पश्चिम दिनाजपुर जिले में पुलिस ने 17 साल की एक युवती का जला हुआ शव बरामद किया है। संदेह है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी जला कर हत्या की गई। हालांकि पुलिस ने शव सोमवार दोपहर को बरामद किया। युवती रविवार को घरवालों से एक सहेली के घर जाने की बात कह कर निकली थी। लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जले हुए शव पर धारदार हथियारों से हमले के निशान भी हैं। इस मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी उस युवती के मोहल्ले में ही रहते हैं। प्राथमिक जांच से पता चला है कि उन तीनों ने दुष्कर्म के बाद धारदार हथियार से युवती पर हमले किए और उसके बाद शरीर पर पेट्रोल छिड़ कर आग लगा दी।