लोकेश राहुल (101) की शतकीय पारी और रविंद्र जडेजा (75) के साथ पांचवें विकेट के लिए हुई 127 रन की साझेदारी से भारत ने काउंटी एकादश (सिलेक्ट काउंटी एकादश) के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन नौ विकेट पर 306 रन बनाए। स्टंप्स के समय जसप्रीत बुमराह तीन और मोहम्मद सिराज एक रन बनाकर खेल रहे थे।
राहुल ने रिटायर्ड आउट होने से पहले 150 गेंदों की अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का जड़ा। उन्होंने इस पारी से भारतीय टीम में मध्यक्रम में जगह बनाने का अपना दावा मजबूत किया। भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी किया लेकिन 10वें ओवर में वह नौ रन पर कैच आउट हो गए।
मयंक अग्रवाल ने 28, पुजारा ने 21 और हनुमा विहारी ने 24 रन बनाए। भारतीय खिलाड़ी इ1983 विश्व कप के नायक यशपाल शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए हाथ पर काली पट्टी बांध कर मैदान में उतरे। यशपाल का 13 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
अपनी ही टीम के खिलाफ उतरे अवेश हुए चोटिल
काउंटी एकादश टीम में चोट और कोविड-19 से जुड़े एकांतवास के कारण अपने खिलाड़ियों को गंवाने के बाद भारत के युवा खिलाड़ी आवेश खान और वाशिंगटन सुंदर इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की इस टीम की ओर से अपने ही देश की टीम के खिलाफ उतरे।
दूसरे सत्र में विहारी के शॉट को रोकने की कोशिश में रिजर्व तेज गेंदबाज आवेश अपना अंगूठा चोटिल कर बैठे। चोट की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आवेश इसके बाद दर्द से कराहते दिखे और भारतीय टीम केे फिजियो के साथ मैदान से बाहर चले गए और फिर नहीं लौटे।
कोहली व रहाणे टीम में नहीं
नियमित कप्तान विराट कोहली और टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे मामूली रूप से चोटिल होने के कारण भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बने। वहीं अनुभवी गेंदबाजों रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा को विश्राम दिया गया।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा,‘कोहली को सोमवार शाम पीठ में जकड़न महसूस हुई और उन्हें मेडिकल टीम ने मैच से आराम करने की सलाह दी है। रहाणे की बायें पैर की मांसपेशियों के आसपास हल्की सूजन है। उन्हें इसका इंजेक्शन दिया गया है। वह मैच केलिए उपलब्ध नहीं थे। मेडिकल टीम उनकी (रहाणे) निगरानी कर रही है। उम्मीद है कि इंग्लैंड के खिलाफ चार अगस्त से नॉटिंघम में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए वह समय पर पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे।’