एक साल से थोड़े ज्यादा समय तक चले तकरार के बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूसीबी) से नाराजगी खत्म कर ली है। दोनों बोर्ड एक बार फिर से आपस में क्रिकेट संबंध बहाल करने को राजी हो गए हैं।
सेंट जोंस (एंटीगा) में क्रिसमस से एक दिन पहले ही दोनों देशों के क्रिकेट बोर्डों ने आपस में एक समझौता किया जिसके तहत अगले साल के मध्य तक द्विपक्षीय सीरीज खेलकर संबंध बहाल करेंगे। पहले से तय कार्यक्रम के आधार पर भारत को जुलाई-अगस्त में 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए कैरेबियाई द्वीप का दौरा करना था। फिर से क्रिकेट खेलने को लेकर विंडीज बोर्ड ने ही पहल की थी।
डब्ल्यूसीबी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि डब्ल्यूसीबी के अध्यक्ष डेव कैमरन ने बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर के साथ बातचीत कर इस दौरे को कन्फर्म कराया, जिसमे वेस्टइंडीज 2016 में कैरेबियाई द्वीप में टीम इंडिया की मेजबानी करेगा। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी इस बारे में कोई बयान नहीं आया है।