बीसीसीआई की ओर से टीम इंडिया के मुख्य कोच पद के लिए आवेदन जारी किए जाने के बाद इसके लिए आवेदन करने का सिलसिला शुरू हो गया है। टीम इंडिया के डायरेक्टर रहे रवि शास्त्री ने इस पद के लिए अप्लाई करने की बात कही थी, लेकिन उनके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
लेकिन अब खबर आ रही है कि टीम इंडिया के पूर्व मुख्य चयनकर्ता और पूर्व टेस्ट बल्लेबाज संदीप पाटिल ने टीम के मुख्य कोच पद के लिए आवेदन कर दिया है।
अपने समय के दिग्मज बल्लेबाज रहे पाटिल इस समय सितंबर, 2002 से बार्ड के राष्ट्रीय चयनकर्ता समिति के प्रमुख भी हैं ने क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो को इस खबर की पुष्टि कर दी है। उनका बतौर मुख्य चयनकर्ता का कार्यकाल इस साल सिंतबर के अंत में खत्म हो रहा है।
इससे पहले वह बंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के चेयरमैन भी रहे हैं। साथ ही उनके पास दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीमों केन्या और ओमान के कोच के रूप में भी काम करने का अनुभव है। उनकी कोचिंग में ही केन्या टीम 2003 में पहली बार वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची थी।
केन्या के खिलाफ कोचिंग की सफल पारी खेलने वाले संदीप पाटिल को 1996 में टीम इंडिया का कोच बनाया गया था, लेकिन उनके लिए यह कार्यकाल बेहद भुलानेवाला साबित हुआ क्योंकि उन्हें 6 महीने बाद ही इस पद से हटा दिया गया।
उनके कोचिंग करियर का सबसे बढ़िया समय 2003 में आया जब उनकी कोचिंग में केन्या टीम ने कमाल का खेल दिखाया और वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया। पहली बार कोई एसोसिएट टीम अंतिम चार में पहुंची थी।
मई 2005 में भारतीय मीडिया में ऐसी खबरें भी आई थी कि बीसीसीआई ने उन्हें टीम इंडिया के मुख्य कोच पद के लिए अंतिम 4 उम्मीदवारों में शामिल भी किया था लेकिन उन्होंने ओमान टीम के कोच के रूप में वहां जाने का फैसला लिया।
मुंबई के बल्लेबाज संदीप पाटिल ने 1980 से 1986 के बीच 29 टेस्ट और 45 वनडे खेले हैं और वह 1983 में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।