भारतीय टीम के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे की लंदन में टखने की सर्जरी हुई है। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में सर्जरी की जानकारी दी। तुषार ने हालांकि, मजबूत वापसी का भरोसा जताया है। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलने वाले तुषार दलीप ट्रॉफी के दूसरे दौर के मुकाबले से बाहर रहे थे। उन्होंने इस साल आईपीएल में अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया था और जुलाई में भारत के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
तुषार को चोट के कारण आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के लिए मुंबई की संभावित खिलाड़ियों की 30 सदस्यीय सूची से बाहर रखा गया था। तुषार ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये सर्जरी की जानकारी दी। उन्होंने ऑपरेशन के बाद अपनी तस्वीर पोस्ट कर लिखा, यह पोस्ट मेरे टखने की सर्जरी के बारे में अपडेट है जो कल हुई और बहुत अच्छी रही। यह बहुत राहत की बात है क्योंकि मैं काफी लंबे समय से इससे जूझ रहा था। मैं अपने परिवार, दोस्तों और अपने सभी प्रशंसकों का उनकी शुभकामनाओं, प्यार और भरोसे के लिए बहुत आभारी हूं। यहां से मैं उबरकर पहले से बेहतर होने और मजबूत वापसी करने की अपनी यात्रा शुरू करता हूं। जय बजरंग बली।
तुषार ने 2023-24 रणजी ट्रॉफी सत्र में मुंबई के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और पांच मैचों में 15 विकेट झटके थे। तुषार ने अपनी टीम को 43वीं बार रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने में मदद की थी। सफल सीजन के बावजूद तुषार रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन में वडोदरा के खिलाफ मुंबई के आने वाले मुकाबले में खेलने के लिए अनिश्चित हैं। मुंबई और वडोदरा के बीच 11 अक्तूबर से मुकाबला खेला जाना है। तुषार की अनुपस्थिति मुंबई के लिए बड़ा झटका है, लेकिन इस तेज गेंदबाज का ध्यान अपनी रिकवरी पर है और वह मैदान पर जोरदार वापसी के लिए उत्सुक हैं।