भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अमृतसर के गांधी ग्राउंड में खेले गए पंजाब इंटर-जिला पुरुष सीनियर वनडे टूर्नामेंट के एक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। अभिषेक ने 91 गेंदों पर 233 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके इस दोहरे शतक की बदौलत अमृतसर ने तरनतारन के खिलाफ 220 रनों से एक बड़ी जीत दर्ज की।
अभिषेक ने की रिकॉर्ड साझेदारी
बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने अपनी इस पारी के दौरान मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और 15 चौके और 25 गगनचुंबी छक्के जड़े। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 256.04 का रहा। अभिषेक ने अभय चौधरी (93 रन, 85 गेंद) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 305 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। अमृतसर की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 533 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इसमें अभिनव शर्मा (51), साहिल शर्मा (37) और सुमित शर्मा (23*) का भी अहम योगदान रहा।
गेंदबाजी में भी दिखाया कमाल
534 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी तरनतारन की टीम 50 ओवरों में आठ विकेट पर 313 रन ही बना सकी। तरनतारन की ओर से अर्शदीप सिंह ने संघर्ष करते हुए 108 और मनप्रीत सिंह संधू ने 62 रन बनाए। बल्ले से तबाही मचाने के बाद अभिषेक शर्मा ने अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से भी कमाल दिखाया और नौ ओवरों में 71 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने खतरनाक दिख रहे शतकवीर अर्शदीप सिंह (108) और करणवीर सिंह ढिल्लों (26) को अपना शिकार बनाया। अमृतसर के लिए प्रथमपाल सिंह वालिया ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
फॉर्म में वापसी
हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे के दौरान टी20 में खराब फॉर्म के कारण आलोचनाओं का सामना कर रहे अभिषेक शर्मा की यह पारी उनके लिए संजीवनी का काम करेगी। भारत के लिए अब तक 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके अभिषेक के नाम 1629 रन दर्ज हैं, जिसमें दो शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। इस ऐतिहासिक पारी से उनका आत्मविश्वास निश्चित रूप से सातवें आसमान पर होगा। हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर वे तीन पारियों में केवल 11 रन ही बना सके थे जहां उनका औसत महज 3.66 का रहा। इतना ही नहीं इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों में उन्होंने 26.2 की औसत से 131 रन बनाए थे जबकि आयरलैंड के खिलाफ 2 मुकाबलों में वे सिर्फ 49 रन ही जोड़ सके थे। अपनी पिछली 10 अंतरराष्ट्रीय टी20 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है जिसके कारण आईसीसी टी20 रैंकिंग में टॉप पर रहने वाले अभिषेक खिसककर तीसरे स्थान पर आ गए हैं।