'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले टीम इंडिया के पू्र्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने शनिवार को रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के 13वें मुकाबले में तूफानी फिफ्टी लगाई। दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स के खिलाफ उन्होंने 30 गेंदों में चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया।
सचिन ने खेली 60 रन की बेहतरीन पारी
सचिन ने 37 गेंदों में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 60 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के जोंडेकी ने उन्हें 12.6 ओनर में अपना शिकार बनाया। दूसरे विकेट के लिए सचिन और एस बद्रीनाथ के बीच 95 रनों की साझेदारी हुई। बता दें कि 14वें ओवर में बद्रीनाथ 42 रन पर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए।
इंडिया लीजेंड्स ने दिया 205 रन का लक्ष्य
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया लीजेंड्स ने 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए। 'सिक्सर किंग' के नाम से मशहूर टीम इंडिया के पूर्व आक्रामक बल्लेबाज युवराज सिंह ने आतिशी पारी खेली।
21 गेंद में ठोकी ताबड़तोड़ फिफ्टी
उन्होंने छक्के के साथ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने छह छक्के और दो चौके लगाए। वह 22 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। मनप्रीत गोनी और युवराज सिंह के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई।