रोहित शर्मा और शुभमन गिल
- फोटो : सोशल मीडिया
न्यूजीलैंड के लिए ब्लेयर टिकनर और जैकफ डबी ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, माइकल ब्रेसवेल को एक विकेट मिला।
रोहित और गिल ने बनाए रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने इस मैच में अपने वनडे करियर का 30वां शतक लगाया और रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली। अब वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित से आगे सिर्फ विराट कोहली (46 शतक) और सचिन तेंदुलकर (49 शतक) हैं। वहीं, गिल ने इस सीरीज में कुल 360 रन बनाए और तीन मैच की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में बाबर आजम की बराबरी की। अगर गिल इस मैच में एक रन और बना लेते तो वह तीन मैच की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज होते।
कॉन्वे का शतक बेकार
386 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की दूसरी गेंद में ही फिन एलेन हार्दिक की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस समय टीम का भी खाता नहीं खुला था। इसके बाद डेवोन कॉन्वे ने हेनरी निकोलस के साथ मिलकर कीवी टीम की पारी संभाली। दोनों ने 106 रन की साझेदारी की। इसके बाद निकोलस 42 रन बनाकर आउट हो गए। कुलदीप ने उनका विकेट लिया। हालांकि, कॉन्वे एक छोर पर डंटे रहे और मिचेल के साथ 78 रन की साझेदारी की। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने दो लगातार गेंदों पर मिचेल और टॉम लाथम को आउट किया। मिचेल 24 रन बनाकर आउट हुए और लाथम खाता भी नहीं खोल पाए।
इसके बाद ग्लेन फिलिप्स पांच रन बनाकर ठाकुर का शिकार बन गए। शार्दुल ठाकुर ने न्यूजीलैंड को बैकफुट पर जरूर ठकेला था, लेकिन न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी बची हुई थी। उमरान मलिक ने डेवोन कॉन्वे को आउट कर मैच में भारत की पकड़ मजबूत की, लेकिन अभी भी माइकल ब्रेसवेल और सेंटनर क्रीज पर बने हुए थे। कुलदीप ने ब्रेसवेल को स्टंप आउट करा भारत की जीत तय कर दी। इसके बाद न्यूजीलैंड के पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 41.2 ओवर में 295 रन बनाकर आउट हो गई।
रोहित, कुलदीप की फॉर्म अच्छी खबर
वनडे विश्व कप की तैयारी में जुटी टीम इंडिया के लिए कप्तान रोहित शर्मा और कुलदीप यादव की शानदार फॉर्म सुखद खबर लेकर आई है। रोहित ने तीन साल बाद वनडे में शतक लगाया। वहीं, कुलदीप ने बीच के ओवरों में विकेट लेकर भारतीय टीम की मैच में वापसी कराई। निकोलस और ब्रेसवेल का अहम विकेट कुलदीप ने ही झटका। गिल और कोहली जैसे खिलाड़ी पहली ही शानदार लय में हैं। ऐसे में रोहित और कुलदीप के लय में आने से भारतीय टीम और मजबूत हो गई है। अब बुमराह और जडेजा के टीम में लौटने पर भारतीय टीम और मजबूत हो जाएगी और घर में विश्व चैंपियन बनने के लिए तैयार होगी।