चेन्नई में कंगारुओं को 8 विकेट से करारी मात देने के बाद टीम इंडिया हैदराबाद पहुंच चुकी है। टीम इंडिया के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम भी हैदराबाद पहुंची। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच 2 मार्च से खेला जाएगा।
यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने मंगलवार को खत्म हुए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेटों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
भारत और मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला पंजाब में मोहाली के पीसीए स्टेडियम में 14 से 18 मार्च के बीच खेला जाएगा जबकि चौथा और अंतिम टेस्ट दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में 22 से 26 मार्च के बीच होगा।
चेन्नई में मिली जीत के बाद टीम इंडिया और प्रशंसक बेहद खुश हैं। अगर टीम इंडिया को हैदराबाद में भी जीतना है तो अपनी गलतियों को सुधारना होगा। टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी नहीं चली जो कि चिंता का विषय है।
लंबे समय से फ्लॉप चल रहे वीरेंद्र सहवाग इस मैच में भी कुछ खास नहीं कर सके। दोनों पारियों को मिलाकर वे केवल 21 रन बना सके। इसके अलावा युवा मुरली विजय भी दोनों पारियों को मिलाकर 12 रन ही बना सके। ऐसे में क्या दूसरे टेस्ट मैच में इन दोनों ओपनरों में से किसी एक को बाहर बिठाकर शिखर धवन को मौका मिलना चाहिए।