वेस्टइंडीज ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में पांच विकेट से जीत दर्ज करके जिम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया। नेशनल स्टेडियम में खेले गए अंतिम मैच में वीरासामी पेरमोल ने 40 रन पर तीन विकेट झटके और डैरेन ब्रावो ने नाबाद 72 रनों की शानदार पारी खेली।
वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज में जिम्बाब्वे को पहले वनडे में शानदार 156 रनों से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में मेहमान टीम को सात विकेट से मात दी थी।
अंतिम वनडे मैच में जिम्बाब्वे ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में नौ विकेट पर 211 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 22 गेंदे शेष रहते हुए 46.2 ओवरों में 215 रन बनाकर पांच विकेटों से फइनल मुकाबला जीत लिया।
वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज कीरन पावेल ने पांच चौकों की मदद से 42 रन बनाए। रामनरेश सरवन ने 19 और डैरेन ब्रावो ने पांच चौकों की मदद से नाबाद 72 रनों की पारी खेली। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और पूरे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज दिया गया।
वेस्टइंडीज की ओर से मैच में सर्वाधिक तीन विकेट पेरमोल ने झटके। टिनो बेस्ट ने 38 रन देकर दो विकेट तथा ड्वेन ब्रावो ने दो विकेट झटके। जबकि एक विकेट सुनील नारायण मिला।
जिम्बाब्वे की ओर से चामू चिबाबा ने सर्वाधिक नाबाद 48 रनों की पारी खेली जबकि सिबांडा ने 41 रन और ब्रेंडन टेलर ने 39 रन बनाए।