कप्तान धोनी की विदेशी धरती पर लगातार दो टूर्नामेंटों में खिताबी जीत के बाद उनके प्रशंसकों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। इसमें नया नाम ज़ुडा है वीवीएस लक्ष्मण का।
पूर्व टेस्ट बल्लेबाज लक्ष्मण ने कप्तान धोनी की जमकर तारीफ की है। धोनी की कप्तानी में खेल चुके पूर्व महान बल्लेबाज लक्ष्मण ने कहा कि टीम इंडिया लकी है कि उसे धोनी जैसा कप्तान मिला।
लक्ष्मण ने कहा, 'उनका रिकॉर्ड (सभी वैश्विक खिताबी जीत) खुद उनके बारे में बोलता है। उन्हें कठिन परिस्थितियों से आसानी से बाहर निकलने में महारत हासिल है। वह किसी के साथ भावनात्मक रूप से नहीं जुड़े होते हैं और यही उनकी विशेषता है।'
धोनी की अगुवाई में भारत ने पिछले दो महीने के अंदर इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी और वेस्ट इंडीज में त्रिकोणीय सीरीज जीती थी।
38 साल के वेरी वेरी स्पेशल बल्लेबाज लक्ष्मण ने पिछले साल अगस्त में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि उन्होंने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और धोनी के बीच तुलना करने से मना कर दिया।
लक्ष्मण के अनुसार, रवींद्र जडेजा का हरफनमौला क्रिकेटर के रूप में उभरना और शीर्ष क्रम पर शिखर धवन जैसा बल्लेबाज मिलना भारतीय क्रिकेट के लिए दो अच्छी चीजें हैं। जडेजा की योग्यता को पहचानने के लिए धोनी को श्रेय दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, 'धोनी ने हमेशा जडेजा का साथ दिया, खासकर उनकी गेंदबाजी के दौरान। वह एक अच्छे क्षेत्ररक्षक और बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं। जडेजा का उभरना भारतीय टीम के लिए एक बड़ी पूंजी की तरह है और धोनी को इसका श्रेय दिया जाना चाहिए।'
लक्ष्मण ने कहा कि टीम इंडिया के लिए गत चैंपियन होने के अलावा नंबर वन टीम बने रहना 2015 विश्व कप की तैयारियों का सही दिशा में जाने जैसा है।
पिछले हफ्ते वेस्ट इंडीज में खेली गई त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ धोनी के अंतिम ओवर में लगातार तीन गेंदों पर 16 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने के बाद उनके प्रशंसकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
दो दिन पहले पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, बिशन सिंह बेदी, दिलीप वेंगसरकर और सौरव गांगुली ने भी धोनी की तारीफ की थी। गावस्कर ने एक समय धोनी से कप्तानी छीनने की मांग की थी।
लक्ष्मण भले आज धोनी की तारीफ कर रहे हों, लेकिन संन्यास की घोषणा करते समय उन्होंने कहा था कि भारतीय कप्तान के पास अपने खिलाड़ियों के लिए समय नहीं है।