टीम इंडिया की घरेलू सीरीज इस साल 24 दिसंबर को खतम होगी। इसके बाद टीम इंडिया का दक्षिण अफ्रीका दौरा प्रस्तावित है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका और टीम इंडिया के खिलाफ मैचों की तारीख की घोषणा अगले कुछ दिनों में हो जाएगी। वैसे अनुमान के आधार पर कहा जा सकता है कि टीम इंडिया नए साल में 5 या 6 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला मैच खेल सकती है। यह मैच केपटाउन में खेला जाएगा।
सूत्रों के अनुसार अभी तक दक्षिण अफ्रीका और बीसीसीआई पूरे कार्यक्रम को अंतिम रूप नहीं दे पाए हैं। आईसीसी के भविष्य कार्यक्रम के तहत दौरे पर चार टेस्ट, तीन वन डे और तीन टी-20 मैच खेले जाएंगे। इधर बीसीसीआई पहले ही कह चुकी है कि टीम इंडिया साल के अंतिम हफ्ते से पहले दक्षिण अफ्रीका नहीं पहुंच पाएगी। टीम इंडिया का श्रीलंका के खिलाफ अंतिम मैच 24 दिसंबर को खतम होगा।
बीसीसीआई का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका का दौरा शुरू होने से पहले टीम इंडिया को थोड़ा सा विश्राम मिले। इसके अलावा वह चाहता है कि टीम इंडिया को लंबे दौरे से पहले एक-दो अभ्यास मैच का मौका भी मिले। वैसे दक्षिण अफ्रीका में नए साल में टेस्ट 2 जनवरी से शुरू होता है। दक्षिण अफ्रीका पहला टेस्ट चार जनवरी से कराना चाहता है। दक्षिण अफ्रीका में छुट्टियों के हफ्ते के दौरान मैच के सभी टिकट बिक जाते हैं। दक्षिण अफ्रीका बोर्ड ने भारतीय दौरे के बाद 1 मार्च से ऑस्ट्रेलिया दौरे का कार्यक्रम तय कर दिया है। इससे भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा अब काफी जटिल हो गया है।