महिला टी20 विश्व कप में अपने पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने अपने टी20 विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया है। भारत और पाकिस्तान का मैच हमेशा खास होता है। खिलाड़ियों पर इस मैच के दौरान काफी दबाव रहता है और कई बार खिलाडि़यों के बीच तनातनी भी हो जाती है।
भारत और पाकिस्तान की महिला टीम का मुकाबला भी बेहद तनावपूर्ण था। अंत तक दोनों टीमें मैच में बनी हुई थीं, लेकिन आखिरी कुछ ओवरों में ऋचा घोष ने तूफानी बल्लेबाजी कर भारत को जीत दिलाई। हालांकि, मैच खत्म होने के साथ ही तनाव भी खत्म हो गया और ड्रेसिंग रूम में दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने आपस में मुलाकात की।
भारत और पाकिस्तान की खिलाड़ियों की इस मुलाकात का वीडियो टी20 विश्व कप की वेबसाइट में शेयर किया गया है। इस वीडियो में भारत और पाकिस्तान की खिलाड़ी आपस में बात करती और गले मिलती दिख रही हैं। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने साथ मिलकर फोटो भी खिंचाई और भारत की हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान की निदा डार के साथ जर्सी भी बदली।
मैच में क्या हुआ?
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 149 रन बनाए। कप्तान बिस्माह मारूफ ने 55 गेंद में नाबाद 68 रन बनाए। वहीं, आयशा नसीम ने 25 गेंदों में नाबाद 43 रन जड़ दिए। भारत के लिए राधा यादव ने दो विकेट लिए। वहीं, दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकर को एक-एक विकेट मिला। 150 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत भी कुछ खास नहीं थी। सलामी बल्लेबाज यास्तिका भाटिया 20 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली भी 25 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हो गईं। कप्तान हरमनप्रीत भी 12 गेंद में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आई जेमिमा रोड्रिग्ज एक छोर पर जमी रहीं और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटीं। जेमिमा ने 38 गेंद में आठ चौकों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। ऋचा ने उनका साथ दिया और 20 गेंद में नाबाद 51 रन बनाए। जेमिमा ने मिलकर 19 ओवर में ही भारत का स्कोर 151 रन पहुंचा दिया और टीम इंडिया ने आसानी से मैच अपने नाम किया।