अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की करीब चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम की घोषणा की। भुवनेश्वर को 16 सदस्यीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। यह चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष अजीत अगरकर के पद से हटने के बाद पहला बड़ा चयन है। प्रज्ञान ओझा को अंतरिम चयन समिति अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
भुवनेश्वर कुमार
- फोटो : ANI
चार साल बाद भुवनेश्वर की वापसी
भुवनेश्वर कुमार की वापसी इस टीम चयन की सबसे बड़ी खबर है। अनुभवी तेज गेंदबाज ने करीब चार साल बाद राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। स्विंग गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले भुवनेश्वर के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उनकी गेंदबाजी टीम इंडिया के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। भुवनेश्वर के अलावा वरुण चक्रवर्ती की भी टीम में वापसी हुई है। एशियाई खेलों से पहले चोट के कारण वह टीम से बाहर हो गए थे। अब उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए फिर से टीम में शामिल किया गया है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : BCCI
श्रेयस अय्यर कप्तान, तिलक वर्मा उपकप्तान
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में संजू सैमसन और ईशान किशन के रूप में दो विकेटकीपर बल्लेबाज शामिल हैं। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह मिली है। वहीं अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी और नमन धीर जैसे ऑलराउंडर टीम का हिस्सा हैं।
टी20 सीरीज का कार्यक्रम
- फोटो : अमर उजाला
22 अक्तूबर से शुरू होगी टी20 सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 22 अक्तूबर से 1 नवंबर के बीच खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च में होगा। इसके बाद तीसरा मुकाबला वेलिंगटन, जबकि चौथा और पांचवां मैच क्रमश: ऑकलैंड और हैमिल्टन में खेला जाएगा।
ऋषभ पंत
- फोटो : PTI
भारत ए टीम का भी एलान
बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ होने वाले तीन बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए भारत ए टीम की भी घोषणा की है। ध्रुव जुरेल को कप्तान बनाया गया है, जबकि ऋषभ पंत को टीम में शामिल किया गया है। पंत का चयन फिटनेस के अधीन है। भारत ए टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, साई सुदर्शन और मुकेश कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
भारत ए टीम
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ऋषभ पंत (विकेटकीपर)*, ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ऑकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार।
शुभमन गिल-गौतम गंभीर
- फोटो : PTI
टी20 के बाद वनडे और टेस्ट सीरीज
न्यूजीलैंड दौरे पर भारत को पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद पांच मैचों की वनडे सीरीज और दो टेस्ट मैच भी खेलने हैं। इन दोनों प्रारूपों के लिए भारतीय टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा। फिलहाल न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित टी20 टीम में सबसे ज्यादा चर्चा चार साल बाद भुवनेश्वर कुमार की वापसी की है। अनुभवी तेज गेंदबाज के पास इस सीरीज के जरिए भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत करने का मौका होगा।