इससे पहले भारत जून में श्रीलंका का दौरा करने वाला था। मगर कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप की वजह से ठप हुई क्रिकेट प्रतियोगिताओं के चलते यह संभव न हो सका। इस दौरान दोनों टीमों को 3 टी-20 और 3 वन-डे मैच खेलने थे। श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड टेलीविजन अधिकारों के माध्यम से मिलने वाले राजस्व पर आश्रित होता है इसलिए यह सीरीज उसके लिए अहम है। इस बीच एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) से अनुमति मिलने के बाद श्रीलंका एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। पहले यह टूर्नामेंट सितंबर में संयुक्त अरब अमीरात में पाकिस्तान द्वारा आयोजित होती, लेकिन भारत के विरोध के बाद ऐसा हो न पाया। अब श्रीलंका बोर्ड ने दावा किया है कि पाकिस्तान उसे मेजबानी देने को राजी हो चुका है।