भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ गुरुवार से होने वाले मैच से मैदान पर वापसी करेंगे। पंत भारत ए टीम की अगुआई करेंगे और इसके साथ ही तीन महीने के ब्रेक के बाद वह मैदान पर नजर आएंगे। पंत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के दौरान चोट लगी थी जिसके बाद से वह टीम से बाहर चल रहे हैं।
बीसीसीआई के सीओई मैदान पर होगा मैच
भारत ए और दक्षिण ए के बीच यह दो अनौपचारिक टेस्ट मैच की सीरीज काफी महत्वपूर्ण है। दोनों टीमों के बीच 14 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है और भारत इससे पहले अपनी तैयारियां परखने उतरेगा। ये दो अनौपचारिक टेस्ट बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सीओई मैदान पर होंगे। पंत इससे अपनी मैच की तैयारियों को देखेंगे और वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीनियर टीम में ध्रुव जुरेल की जगह ले सकते हैं।
विकेटकीपिंग दुरुस्त करना चाहेंगे पंत
ऑफ स्पिनर प्रेनेलन सुब्रयेन को छोड़कर दक्षिण अफ्रीका ए की कम अनुभवी गेंदबाजी इकाई पंत के लिए वापसी पर ज्यादा परेशानी खड़ी नहीं कर सकती। यहां की पिच भी बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है। अपनी बल्लेबाजी को निखारने के अलावा पंत अपनी विकेटकीपिंग को भी दुरुस्त करने के लिए उत्सुक होंगे, क्योंकि टेस्ट सीरीज में उन्हें रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे शीर्ष स्तरीय गेंदबाजों के सामने विकेट के पीछे अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस संदर्भ में सारांश जैन, मानव सुथार और हर्ष दुबे जैसे स्पिनरों के सामने उन्हें अच्छा अभ्यास करने का मौका मिलेगा।
बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब सुर्दशन
साई सुदर्शन ने अपना अंतिम मैच इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में खेला था और ये दो मैच उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले अपने खेल में निखार लाने का मौका प्रदान करेंगे। तमिलनाडु के इस बल्लेबाज ने फिलहाल तीसरे नंबर पर अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए हैं। वह यहां बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
भारत ए: ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, एन जगदीसन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, मानव सुथार, खलील अहमद, गुरनूर बराड़, अंशुल कंबोज, यश ठाकुर, आयुष बडोनी, सारांश जैन।
दक्षिण अफ्रीका ए: मार्केस एकरमैन, तेम्बा बावुमा (केवल दूसरे चार दिवसीय मैच के लिए), ओकुहले सेले, जुबैर हमजा, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, रिवाल्डो मूनसामी, त्शेपो मोरेकी, मिहलाली मपोंगवाना, लेसेगो सेनोकवाने, प्रेनेलन सुब्रायेन, काइल सिमंड्स, त्सेपो नदवांडवा, जेसन स्मिथ, तियान वान वुरेन, कोडी यूसुफ।