ऑस्ट्रेलिया और भारत-ए टीम के बीच शुक्रवार से तीन दिवसीय अभ्यास मैच शुरु हो गया है। दोनों ही टीमों के लिए इस महत्वपूर्ण मुकाबले में एक तरफ जहां ऑस्ट्रेलिया टीम को इस मैच के जरिये भारत के विकेट पर अभ्यास करने का मौका मिलेगी, वही भारत-ए टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया में प्रवेश का अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे।
विज्ञापन
मैच में इंडिया-ए की कमान हार्दिक पांड्या के हाथ में होगी। पांड्या के अलावा चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव पर खास नजर होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट टीम में चुने गए हार्दिक अगर इस मैच में गेंद और बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे तो पुणे में 23 फरवरी से शुरू होने जा रहे पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में स्थान बनाने की दावेदारी पेश कर सकते हैं।
सीमित ओवरों के खिलाड़ी हार्दिक 140 किमी प्रति घंटे के आसपास की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। इस मैच में गेंद से अच्छा प्रदर्शन करने की स्थिति में वे कप्तान विराट कोहली और कोच अनिल कुंबले को उनकी दावेदारी पर गौर करने के लिये मजबूर कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया जैसी दमदार टीम के खिलाफ उन्हें जोश हेजलवुड या मिचेल स्टार्क जैसे गेंदबाजों के सामने खुद को आंकने का मौका मिलेगा। गुजरात के ओपनर प्रियांक पांच़ाल ने घरेलू सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश के खिलाफ पिछले अभ्यास मैच में शतक जमाया था।
इसके अलावा भारत-ए टीम में ऋषभ पंत और ईशान किशन भी हैं जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी अंतर प्रांत टूर्नामेंट में उत्तर और पूर्व क्षेत्र टीम का हिस्सा थे। दोनों विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं। झारखंड के ईशान पिछले साल बांग्लादेश में अंडर-19 विश्व कप में भारत के कप्तान थे जिन्हें विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है।
मुंबई के श्रेयस अय्यर या अखिल हर्वेडकर फॉर्म में चल रहे पांचाल के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं। अय्यर ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 1300 से अधिक रन बनाए हैं जबकि उनके फॉर्म के चलते मुंबई ने 41वां रणजी खिताब जीता था। कुलदीप के अलावा घरेलू टीम में झारखंड के स्पिनर शाहबाज नदीम हैं जो विरोधी बल्लेबाजों को आजमाने का माद्दा रखते हैं। नदीम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 300 से अधिक विकेट ले चुके हैं। मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम यह तय करेगी कि उसे अपनी टेस्ट एकादश उतारनी है या कुछ खिलाड़ियों को आराम देना है।