भारत की ए टीम ने मंगलवार को सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (132) और मयंक अग्रवाल (151) की बेहतरीन पारी की बदौलत अभ्यास मैच में लीसेस्टरशायर को 281 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही भारत की ए टीम ने अपने नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। बता दें कि लिस्ट ए क्रिकेट में किसी टीम के द्वारा बनाया गया यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। पहले नंबर पर सरे का नाम है, जिन्होंने साल 2007 में ग्लूसेस्टरशायर के खिलाफ 4 विकेट के नुकसान पर 496 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड का नाम है, जिसने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट पर 481 रन बनाए।
भारत की ए टीम ने लीसेस्टरशायर को जीत के लिए 459 रन का लक्ष्य दिया। जिसके जवाब में लीसेस्टरशायर की पूरी टीम 177 रन पर ही सिमट गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की ए टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट के नुकासन पर 458 रन बनाए। भारत की तरफ से पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल की सलामी जोड़ी ने जोरदार शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 232 रन की साझेदारी हुई। शॉ ने 90 गेंदों में 20 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 132 रन बनाए, जबकि मयंक ने 106 गेंदों में 18 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 151 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा शुभमन गिल ने 54 गेंदों पर 86 रन बनाए। लीसेस्टरशायर की तरफ से अतीक जवीद ने 2 विकेट लिए, जबकि डिकंसन और फनेल ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।
इंडिया ए टीम द्वारा मिले 459 रन के लश्क्ष्य का पीछा करने उतरी लीसेस्टरशायर की टीम जल्द ही लड़खड़ा गई। पहला विकेट 44 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद 100 रन के भीतर ही उसके सारे बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। लीसेस्टरशायर की तरफ से सबसे अधिका टॉम वेल्स ने 62 रन की पारी खेली। इसके अलावा हैरी डियरडेन (31) और स्विनडेल्स (28) रन अपनी टीम के लिए बटोरे। दीपक चाहर ने 24 रन देकर तीन, जबकि पेसर एम प्रसाद कृष्णा, स्पिनर दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके। ब्रिटिश दौरे पर भारत ए की यह दूसरी बड़ी जीत है। इसके पहले मैच में उसने ईसीबी एकादश को हराया था।