शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों के लगाए अर्द्धशतकों के बावजूद भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम से हार का सामना करना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया ए ने भारत ए को 25 रनों से हराते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में जगह बनाने के लिए सोमवार को भारत ए और मेजबान दक्षिण अफ्रीका ए के बीच मुकाबला होना है।
भारत ए की ऑस्ट्रेलिया ए के हाथों इस टूर्नामेंट में यह दूसरी हार है।
हर मैच में ऑस्ट्रेलिया की घंटी बजा रहे हैं बेल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए ने शॉन मार्श (96) और ग्लेन मैक्सवेल (93) की शानदार पारियों की बदौलत 50 ओवर में सात विकेट पर 310 रन बनाए।
मैक्सवेल ने एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और 56 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के के साथ 93 रनों की पारी खेली।
भारत की ओर से स्टुअर्ट बिन्नी ने 55 रन देकर चार विकेट निकाले। जबकि परवेज रसूल को एक ही सफलता मिली।
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर बेहद शानदार रही। लेकिन शीर्ष क्रम के तीनों बल्लेबाज रोहित शर्मा (61), मुरली विजय (60) और कप्तान चेतेश्वर पुजारा (51) के बाद भारतीय पारी बिखर गई।
जोश हैजलवुड और मोइसिस हेनरिक ने तीन-तीन विकेट झटककर भारतीय टीम की लय बिगाड़ दी जिससे टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 48.3 ओवर में 285 रन बनाकर आउट हो गई।