पहले एकदिवसीय मुकाबले में बांग्लादेश-ए टीम को खेल के सभी विभाग में उन्नीस साबित करने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारत-ए टीम शुक्रवार को सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
बंगलूरू में कप्तान उन्मुक्त चंद की अगुआई में तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम ने बृहस्पतिवार को बांग्लादेश को 96 रनों से पराजित किया था जिसमें युवा ऑलराउंडर गुरकीरत सिंह मान ने अहम भूमिका निभाई थी।
निचले क्रम पर गुरकीरत ने ऑलराउंड खेल दिखाते हुए पहले शानदार 65 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने ताबड़तोड़ पांच विकेट भी झटके।
गुरकीरत के अलावा संजू सैमसन ने भी 73 रनों की पारी खेली थी। जबकि शीर्षक्रम में सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (56) ने शुरुआती संकट के समय क्रीज पर टिककर टीम पर बने दबाव को हटाया था।
भारत-ए टीम अगर सीरीज जीतने में कामयाब रहती है तो वह जून में अपनी सीनियर टीम की बांग्लादेश के हाथों मिली हार का बदला ले लेंगे।