भारत ने एसीसी पुरुष इमर्जिंग कप में जीत के साथ शुरुआत की है। श्रीलंका में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत-ए की टीम ने अपने पहले मैच में यूएई-ए को आठ विकेट से हरा दिया। भारत की जीत के हीरो कप्तान यश ढुल और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हर्षित राणा रहे। ढुल ने शानदार शतक लगाया। वह 108 रन बनाकर नाबाद रहे। हर्षित ने चार विकेट चटकाए। अब भारत-ए का दूसरा मुकाबला नेपाल-ए से सोमवार (17 जुलाई) को होगा। इसके बाद 19 जुलाई को पाकिस्तान से मैच होगा।
भारत-ए के कप्तान यश ढुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यूएई-ए ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 175 रन बनाए। उसके लिए कप्तान ए वी चिदंबरम ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। आर्यांश शर्मा में 38 और मोहम्मद फराजुद्दीन ने 35 रन बनाए। जश जियानानी ने 13 और अली नासेर ने 10 रन का योगदान दिया। टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। जवादुल्लाह ने नाबाद नौ, अंश टंडन ने पांच, संचित शर्मा, लवप्रीत सिंह और अदित्य शेट्टी ने दो-दो रन बनाए। जोनाथन फिगी खाता नहीं खोल सके।
भारतीय गेंदबाजों बरपाया कहर
भारत के गेंदबाजों ने कप्तान यश ढुल के पहले गेंदबाजी के फैसले को सही साबित किया। हर्षित राणा ने 41 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। आंध्र के तेज गेंदबाज नितीश कुमार रेड्डीने 32 रन देकर दो विकेट चटकाए। वहीं, बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज मानव सुथार ने 28 रन देकर दो विकेट लिए। आकाश सिंह को एक सफलता मिली।
ढुल और निकिन ने की शतकीय साझेदारी
176 रन के लक्ष्य ने भारतीयों के लिए कभी भी खतरा पैदा नहीं किया। टीम इंडिया ने 26.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी कर ली। भारत के दोनों ओपनर साई सुदर्शन और अभिषेक शर्मा छह रन के अंदर पवेलियन लौट गए। सुदर्शन ने आठ और अभिषेक ने 19 नर बनाए। 5.1 ओवर में 41 रन के स्कोर पर दो विकेट गिर जाने के बाद कप्तान यश ढुल और निकिन जोस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी की। ढुल ने 84 गेंद पर नाबाद 108 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 20 चौके और एक छक्का लगाया। निकिन जोस ने 53 गेंद पर नाबाद 41 रन बनाए। उन्होंने पांच चौके लगाए।