भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने मंगलवार को छह विकेट लेकर इंग्लैंड की महिला टीम को तीसरे वनडे में करारी शिकस्त देने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने यह मुकाबला 13 रनों से जीतकर मेजबानों को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से मात दी। इससे पहले टीम ने इंग्लैंड को 3-2 से टी20 सीरीज में हराया था।
बुमराह के खास क्लब में शामिल हुईं क्रांति
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए आखिरी वनडे में क्रांति गौड़ ने धारदार गेंदबाजी की। उन्होंने छह विकेट लिए और इंग्लैंड की कमर तोड़ दी। 21 वर्षीय गेंदबाज ने टैमी बीमाउंट, एमी जोन्स, चार्ली डीन, एलिस डेविडसन-रिचर्ड्स, लॉरेन फिलर और लॉरेन बेल को अपना शिकार बनाया। इसी के साथ क्रांति गौड़ ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह इंग्लैंड में किसी वनडे में छह विकेट लेने वाली तीसरी भारतीय बन गईं। इस मामले में उन्होंने जसप्रीत बुमराह और झूलन गोस्वामी की बराबरी कर ली। इन दोनों गेंदबाजों ने भी इंग्लैंड में वनडे में छह विकेट हासिल किए थे।
कौन हैं क्रांति गौड़?
तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से आती हैं। उनका जन्म 11 अगस्त, 2003 को हुआ। वह मध्य प्रदेश की महिला क्रिकेट टीम के लिए खेल चुकी हैं। वहीं, महिला प्रीमियर लीग में उन्हें यूपी वॉरियर्स की तरफ से खेलते देखा गया है। क्रांति ने भारत के लिए खेले चार वनडे मैचों में नौ विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी खेला है। हालांकि, इस मैच में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
मैच में क्या हुआ?
रिवरसाइड ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने पांच विकेट पर 318 रन बनाए। उनके लिए हरमनप्रीत कौर ने 102 और जेमिमा रोड्रिग्स ने 50 रनों की पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड की महिला टीम 49.5 ओवर में 305 रन पर सिमट गई। भारत के लिए क्रांति गौड़ ने छह विकेट झटके जबकि श्री चरणी को दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा दीप्ति शर्मा ने एक विकेट झटका। इससे पहले दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबला जीता था।