सरकारी अधिकारी ने अपने पति पर बेडरूम में जासूसी कैमरे लगाने का आरोप लगाया; पुणे में शिकायत दर्ज
महाराष्ट्र में एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसके निजी पलों को रिकॉर्ड करने के लिए उनके शयनकक्ष में गुप्त रूप से जासूसी कैमरे लगाए। इतना ही नहीं वह उसके माता-पिता से 1.5 लाख रुपये दहेज की मांग कर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने बाथरूम में भी कैमरे लगा रखे हैं। बता दें कि आरोपी पति सरकारी कर्मचारी है।
पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास, तीन ननदों और दो ननदों के पतियों के खिलाफ धारा 85 (पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के प्रति क्रूरता) और 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) तथा बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि राज्य सरकार के एक विभाग में द्वितीय श्रेणी की अधिकारी महिला को उसके पति और उसके परिवार के सदस्यों द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
तुर्किये की कंपनी सेलेबी का अनुबंध कैंसिल होने के बाद नए टेंडर पर रोक वाला अंतरिम आदेश रद्द
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को बड़ी राहत दी। अदालत ने तुर्किये की कंपनी सेलेबी के अनुबंध समाप्ति के बाद ग्राउंड और ब्रिज हैंडलिंग सेवाओं के लिए नए टेंडर को अंतिम रूप देने पर रोक लगाने वाला अपना अंतरिम आदेश रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति सोमशेखर सुंदरसन की एकल पीठ ने कहा कि मई में दिया गया अंतरिम संरक्षण अब उचित नहीं है, क्योंकि दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट के लिए सेलेबी के अनुबंध समाप्ति और सुरक्षा मंजूरी रद्द किए जाने के खिलाफ उसकी याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि सेलेबी अब मुंबई एयरपोर्ट तक कोई भौतिक पहुंच नहीं रखती, क्योंकि उसके सभी उपकरण और कर्मचारी अब इंडो थाई एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के नियंत्रण में हैं, जो वर्तमान में सेवाएं दे रही है। कोर्ट ने यह भी उल्लेख किया कि अनुबंध के अनुसार दोनों पक्षों के बीच सुलह की प्रक्रिया चल रही है और इस आधार पर सेलेबी की याचिकाएं समाप्त कर दी गई हैं। सेलेबी ने भारत सरकार की तरफ से सुरक्षा मंजूरी रद्द किए जाने को चुनौती दी है। हाईकोर्ट में दायर याचिका पर गुरुवार को सुनवाई होगी।
कल्याण में क्लीनिक में लड़की पर हमला, युवक पर केस
कल्याण के एक निजी क्लीनिक में एक लड़की के साथ कथित मारपीट के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि एक लड़के ने निजी क्लीनिक की रिसेप्शनिस्ट पर हमला किया। कोई भी आम आदमी किसी पर, खासकर किसी महिला पर इस तरह हमला नहीं कर सकता। उसने जो किया वह समाज के लिए खतरनाक है। लड़की का हमारे अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता ने कहा कि अपने रिश्तेदार के साथ आई मरीज बिना बारी के ही अंदर जा रही थी। जब मैंने उसे रुकने को कहा, तो उस व्यक्ति ने मुझे गालियां देनी शुरू कर दीं और मुझे पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह मैंने अपनी बहन को फ़ोन किया। हमने शिकायत दर्ज करा दी है, लेकिन अभी तक उस व्यक्ति को पकड़ा नहीं गया है। हमारी बस यही मांग है कि वो व्यक्ति हमें अपने सामने चाहिए।
ठाणे में कपड़ा फैक्टरी में लगी आग
ठाणे जिले में एक कपड़ा फैक्टरी में बुधवार को आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि डोंबिवली के एमआईडीसी में दोपहर करीब 12.30 बजे फैक्टरी में आग लगने से कोई घायल नहीं हुआ। पांच दमकल गाड़ियां और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल को मनपाड़ा पुलिस स्टेशन के पीछे घटनास्थल पर भेजा गया है। आग बुझाने का काम जारी है। फैक्टरी से निकलती लपटें और धुआं काफी दूर से देखा जा सकता था। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
जितेंद्र आव्हाड और उनके 60 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने राकांपा (सपा) विधायक जितेंद्र आव्हाड और उनके 60 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आव्हाड और उनके समर्थक उस समय वहां मौजूद थे जब उनकी पार्टी के विधायक रोहित पवार एक पुलिस अधिकारी पर चिल्लाए और अभद्रता की थी। गौरतलब है कि बीते सप्ताह विधानसभा सत्र के दौरान विधान भवन परिसर में उनके समर्थकों और भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के समर्थकों के बीच हुई झड़प से संबंधित आव्हाड के खिलाफ यह दूसरा मामला है। इससे पहले, गुरुवार को आव्हाड पर राज्य विधानमंडल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए लोक सेवकों को उनके कर्तव्य निर्वहन में बाधा डालने के लिए मामला दर्ज किया गया था।