लगातार आलोचना का सामना कर रही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीनों वनडे मैच हारने के गम को भुलाकर रविवार से नवी मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करके जीत की राह पर लौटना होगा। मैच रविवार शाम सात बजे से खेला जाएगा।
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नवंबर 2019 से अब तक टी20 प्रारूप में सभी आठ मैच जीते हैं, लेकिन इस लय को बनाए रखने के लिए भारतीय टीम को आत्मविश्वास के साथ उतरना होगा और अपने संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करना होगा। आस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज के दौरान चयन के कई विवादित फैसलों के कारण हरमनप्रीत पर सवाल उठे हैं। देखना यह है कि कब तक चयनकर्ता उन पर भरोसा बनाए रखते हैं और स्मृति मंधाना को बागडोर सौंपने के लिए इंतजार करते है।
टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने के बाद भारत की यह पहली टी20 सीरीज है। भारत ने न्यूजीलैंड को घरेलू वनडे सीरीज में हराया था, लेकिन आस्ट्रेलिया में 3-0 से पराजय का सामना करना पड़ा। हरमनप्रीत का अपना बल्लेबाजी फॉर्म चिंता का सबब है और कप्तानी में कुछ नया नहीं कर पाने से भी टीम की मुश्किलें बढ़ी है। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर शेफाली वर्मा को जगह नहीं दी है, लेकिन भारत में टी20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया में पर्थ में बुधवार को आखिरी वनडे हारकर लौटी भारतीय टीम को पर्याप्त आराम नहीं मिला है और उसे रविवार को डी वाई पाटिल स्टेडियम पर पहला मैच खेलना है। तीनों मैच एक एक दिन के अंतराल पर होंगे जिसमें टीम की फिटनेस और मनोबल की कड़ी परीक्षा होगी । भारतीय टीम पूजा वस्त्राकर, श्रेयांका पाटिल, यास्तिका भाटिया , प्रिया पूनिया और शेफाली के बिना खेल रही है। शेफाली ने इस प्रारूप में 2024 में सर्वाधिक 531 रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनका चयन इसलिए नहीं किया गया क्योंकि वनडे में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन टी20 टीम में नहीं चुना जाना समझ से परे है। इससे ऋचा घोष पर दबाव बढ़ेगा जो निचले क्रम पर तेजी से रन बनाती है। पूनिया के भी चोट के कारण बाहर होने से घोष को पारी का आगाज करना होगा। इसी तरह तेज गेंदबाज अरूंधति रेड्डी को भी नहीं चुना गया जिन्होंने तीन दिन पहले आस्ट्रेलिया में वनडे में चार विकेट लिए थे । टी20 विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। दूसरी ओर वेस्टइंडीज ने इस साल 13 में से नौ टी20 मैच जीते हैं। उसने इंग्लैंड को टी20 विश्व कप में हराया। उसे सीनियर हरफनमौला स्टेफानी टेलर की कमी खलेगी जो चोट के कारण बाहर हैं।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं...
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान ), स्मृति मंधाना, नंदिनी कश्यप, जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घेाष, उमा छेत्री, दीप्ति शर्मा, सजीवन साजना, राघवी बिष्ट, रेणुका ठाकुर, प्रिया मिश्रा, टिटास साधू, साइमा ठाकोर, मिन्नू मनी, राधा यादव।
वेस्टइंडीज : हेली मैथ्यूज (कप्तान ), शेमाइन कैंपबेल, आलिया एलिने, शमीला कोनेल, नेरिसा क्राफ्टन, डिएंड्रा डोटिन, एफी फ्लेचर, शबिका गजनबी, चिनेले हेनरी, जाइदा जेम्स, कियाना जोसेफ, मेंडी मंगरू, अश्मिनी मुनिसर, करिश्मा रामहरक , रशाडा विलियम्स।