भारतीय टीम को 2011 में वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूनिका निभाने वाले दक्षिण अफ्रीका पैडी अपटन एक बार फिर से टीम इंडिया के साथ जुड़ गए हैं। अपटन इस साल के अंत में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले वेस्टइंडीज में मानसिक कंडीशनिंग कोच के रूप में भारत के सहयोगी स्टाफ में शामिल हो गए हैं। 53 वर्षीय अपडट 2011 में तत्कालीन कोच गैरी कर्स्टन के साथ थे। वह पांच मैचों की टी20 सीरीज से अपनी सेवाएं देंगे। बीसीसीआई ने ट्वीट कर इसकी पुष्टि की।
अपटन को मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की सिफारिश पर टीम के साथ जोड़ा गया है। इस जोड़ी ने आईपीएल में साथ काम किया है। जब राहुल द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स के कप्तान थे तब अपटन फ्रेंचाइजी के साथ थे। इसके बाद दिल्ली डेयरडेविल्स में बतौर मेंटर और कोच दोनों साथ काम कर चुके हैं। द्रविड़ 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स के मेंटर बने थे।
अपटन ने दक्षिण अफ्रीका की टीम के प्रदर्शन निदेशक के रूप में भी काम किया है। बाद में आईपीएल में अपनी भूमिका के अलावा सिडनी थंडर (बीबीएल) और लाहौर कलंदर्स (पीएसएल) के साथ टी20 सर्किट पर मुख्य कोच के रूप में भी काम किया है। हाल ही में वह राजस्थान रॉयल्स की टीम के साथ थे। फ्रेंचाइजी 2008 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, उसे खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार मिली थी।
ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को कई सीरीज में हिस्सा लेना है। उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के बाद जिम्बाब्वे में वनडे, अगस्त में एशिया कप, घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से टी20 सीरीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे-टी20 सीरीज खेलनी है।
वेस्टइंडीज बनाम भारत टी-20 सीरीज का शेड्यूल
- पहला टी-20: त्रिनिदाद, 29 जुलाई
- दूसरा टी-20: सेंट किट्स, एक अगस्त
- तीसरा टी-20: सेंट किट्स, दो अगस्त
- चौथा टी-20: लॉडरहिल, फ्लोरिडा, छह अगस्त
- पांचवां टी-20: लॉडरहिल, फ्लोरिडा, सात अगस्त