भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में मैदान पर उतरने के साथ ही विंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड ने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले वेस्टइंडीज के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने बांग्लादेश के मुश्फिकुर रहीम और पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ा। अफरीदी ने टी-20 करियर में सिर्फ 99 मैच खेले थे।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शोएब मलिक के नाम है। उन्होंने 124 मैचों में 31.21 की औसत और 125.64 के स्ट्राइक रेट से 2435 रन बनाए हैं। इसमें नौ अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा मलिक ने 28 विकेट भी लिए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर भारत के रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 121 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 33.37 की औसत और 140.86 के स्ट्राइक रेट से 3237 रन बनाए हैं। इसमें चार शतक और 26 अर्धशतक शामिल है।
तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के ही मोहम्मद हफीज हैं। हफीज ने 119 मैचों में 26.46 की औसत और 122.03 के स्ट्राइक रेट से 2514 रन बनाए हैं। वहीं, उनके नाम 61 विकेट भी हैं। पोलार्ड के नाम 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 25.59 की औसत और 135.62 के स्ट्राइक रेट से 1561 रन हैं। इसके अलावा इस वेस्टइंडीज के दिग्गज ने 42 विकेट भी लिए हैं।
शाहिद अफरीदी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 99 मैचों में 17.92 की औसत और 150 के स्ट्राइक रेट से 1416 रन बनाए थे। इसमें चार अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 98 विकेट भी लिए थे।