भारतीय टीम ने बांग्लादेश में टेस्ट सीरीज जीत के साथ अपने कैलेंडर वर्ष 2022 का अंत किया। उसने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया। यह भारत के लिए एक कठिन वर्ष रहा है। टीम इंडिया एशिया कप के सुपर-4 और टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में बाहर हुई थी। एक कार्यक्रम में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को 2022 के लिए भारत के बेहतरीन खिलाड़ी को चुनने का कठिन काम दिया गया तो उन्होंने एक युवा बल्लेबाज को चुना। साथ ही गावस्कर ने इस बात की भविष्यवाणी भी कर दी कि वह वनडे मैचों में तिहरा शतक लगा सकता है।
गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में युवा बल्लेबाज ईशान किशन की जमकर प्रशंसा की। किशन ने बांग्लादेश दौरे पर तीसरे वनडे में 210 रनों की सनसनीखेज पारी खेली थी। वह रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के खास क्लब में शामिल हो गए थे। गावस्कर ने कहा कि अगर उन्होंने उस मैच में बल्लेबाजी जारी रखी होती तो वनडे में पहला तिहरा शतक लगा दिया होता।
गावस्कर ने कहा, ''जब हम युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ते हुए देखते हैं तो इसका मतलब यह होता है कि भविष्य में काफी उम्मीदें हैं। ईशान किशन ने दोहरा शतक लगाकर वनडे में शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इसे इतनी आसानी से प्राप्त कर लिया। अगर उन्होंने पारी को जारी रखा होता तो वनडे में पहला तिहरा शतक लगाया होता। हालांकि, यह उनके बल्लेबाजी करने का तरीका है।''
गावस्कर ने आगे कहा, ''जहां तक भारत का संबंध है, यह एक बहुत बड़ा प्लस है। उनके पास मैदान के चारों ओर खेलने की यह अद्भुत क्षमता है। इतनी कम उम्र में दोहरा शतक एक अद्भुत उपलब्धि है। इसलिए मुझे लगता है कि जहां तक सफेद गेंद के क्रिकेट की बात है तो उनके पास बहुत मौके हैं।'' भारतीय टीम सीमित ओवरों में तीन जनवरी से श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी। इस दौरान तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे।