फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SL Playing-11: राहुल या पंत, कौन खेलेगा? श्रीलंका के खिलाफ आज पहला वनडे, रोहित-कोहली पर होंगी निगाहें

Fri, 02 Aug 2024 11:36 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो

सार

India vs Sri Lanka ODI Playing 11 Prediction अब जबकि पंत की वापसी हो गई है तो यह देखना दिलचस्प होगा कि गंभीर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को प्राथमिकता देते हैं या पिछले टीम प्रबंधन की तरह राहुल पर ही विश्वास बनाए रखते हैं।
विज्ञापन
भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गौतम गंभीर की अगुवाई वाले भारतीय टीम प्रबंधन के पास श्रीलंका के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज में यह फैसला करने का मौका होगा कि केएल राहुल और ऋषभ पंत में से कौन वनडे क्रिकेट में भारत का लंबे समय तक विकेटकीपर बल्लेबाज होगा। इस सीरीज में कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर भी निगाहें टिकी रहेगी जो टी20 विश्व कप में जीत के बाद पहली बार कोई मैच खेलेंगे।
विज्ञापन

ऋषभ पंत - फोटो : BCCI
भारतीय टीम प्रबंधन बाहर चल रही चर्चाओं पर ध्यान दिए बिना उचित टीम संयोजन तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करेगा क्योंकि इस सत्र में चैंपियंस ट्राफी सहित कुछ महत्वपूर्ण वनडे प्रतियोगिताएं होनी हैं। इस संदर्भ में राहुल बनाम ऋषभ का मसला निश्चित तौर पर प्राथमिकता में होगा। पंत के चोट से उबरकर वापसी करने से पहले राहुल ने विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका अच्छी तरह से निभाई थी। उन्होंने विकेट के आगे और विकेट के पीछे अच्छा प्रदर्शन किया था। राहुल द्रविड़ के नेतृत्व वाले पिछले टीम प्रबंधन ने उन पर पूरा भरोसा दिखाया था।

अब जबकि पंत की वापसी हो गई है तो यह देखना दिलचस्प होगा कि गंभीर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को प्राथमिकता देते हैं या पिछले टीम प्रबंधन की तरह राहुल पर ही विश्वास बनाए रखते हैं। अगर गंभीर और कप्तान रोहित इन दोनों बल्लेबाजों को अंतिम एकादश में बनाए रखने का फैसला करते हैं तो तब उन्हें इस पर विचार करना होगा कि श्रेयस अय्यर को कैसे टीम में फिट किया जाए जो 50 ओवरों की क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं।

भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : BCCI
इस तरह से देखा जाए तो भारतीय बल्लेबाजी क्रम में दो स्थान के लिए राहुल, पंत और अय्यर के बीच मुकाबला है। अगर भारत इन तीनों को टीम में रखता है तो फिर उसे पांच गेंदबाजों के साथ उतरना होगा। भारत हालांकि इस तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहेगा क्योंकि हार्दिक पंड्या निजी कारणों से इस श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं। भारत नंबर छह बल्लेबाज के रूप में शिवम दुबे या रियान पराग में से किसी को मौका दे सकता है।

इसमें पराग का पलड़ा भारी लग रहा है क्योंकि उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ हाल में समाप्त हुई टी20 सीरीज में गेंदबाज की भूमिका भी निभाई थी। असम के इस खिलाड़ी ने 50 ओवरों की घरेलू प्रतियोगिता देवघर ट्रॉफी में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। दूसरी तरफ पांच साल पहले वनडे मैच खेलने वाले दुबे ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में केवल एक मैच खेला और उसमें भी उन्होंने गेंदबाजी नहीं की।

भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : BCCI
गंभीर इसके अलावा रोहित और कोहली के प्रदर्शन पर भी निगाह बनाए रखेंगे क्योंकि उन्होंने 2017 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए टीम तैयार करनी है। इन दोनों खिलाड़ियों ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप फाइनल के बाद कोई वनडे मैच नहीं खेला है और वह 50 ओवरों के प्रारूप में शानदार वापसी करने के लिए बेताब होंगे।

दूसरी तरफ श्रीलंका की टीम में अनुभव और युवा का मिश्रण है। अगर उसने भारत के सामने चुनौती पेश करनी है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। टी20 सीरीज में उसके मध्यक्रम के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। श्रीलंका की टीम इसके अलावा खिलाड़ियों के चोटिल हो जाने की समस्या से ही जूझ रही है। उसे तेज गेंदबाज मथिशा पथिराना और दिलशान मधुशंका की सेवाएं नहीं मिलेंगी, जो चोट के कारण श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : Amar Ujala
श्रीलंका: पाथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका (कप्तान), जेनिथ लियानगे, वानिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, दुनिथ वेलालगे, महीश तीक्ष्णा, असिथा फर्नांडो।

भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल/ऋषभ पंत, शिवम दुबे/रियान पराग, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, खलील अहमद/अर्शदीप सिंह
विज्ञापन

लाइव स्ट्रीमिंग की जानकारी

कोहली और गंभीर - फोटो : BCCI
भारत और श्रीलंका के बीच मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच आज भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे से खेला जाएगा। पहले वनडे का सीधा प्रसारण भारत में सोनी स्पोर्ट्स टेन 1, सोनी स्पोर्ट्स टेन 1 एचडी, सोनी स्पोर्ट्स टेन 5 और सोनी स्पोर्ट्स टेन 5 एचडी टीवी चैनलों पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव (SonyLIV) एप पर उपलब्ध होगी। आप ओटीटी-प्ले में भी मैच देख सकते हैं। साथ ही अमर उजाला डॉट कॉम पर भी आप मैच के लाइव अपडेट्स ले सकेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें