भारत को 26 दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। पहला मैच सेंचूरियन में खेला जाएगा। अफ्रीकी पिचों पर गति के साथ-साथ उछाल भी देखने को मिलती है। ऐसे में मुकाबला अफ्रीकी तेज गेंदबाजों और भारत की मजबूत बल्लेबाजी लाइन अप के बीच रहने वाला है।
पिछले कुछ सालों में अफ्रीकी गेंदबाजी लाइन अप बदली है। मोर्ने मोर्कल, डेल स्टेन और वर्नोन फिलेंडर जैसे दिग्गज तेज गेंदबाज अब संन्यास ले चुके हैं। ऐेसे में भारतीय बल्लेबाजों के सामने दक्षिण अफ्रीका के नए तेज गेंदबाजों की चुनौती होगी।
इससे पहले हुए अफ्रीकी दौरे पर सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण समेत कई खिलाड़ी वहां अपनी बल्ल्बाजी से प्रभावित कर चुके हैं। उस वक्त उन्हें एलेन डोनाल्ड, शॉन पोलक, डेल स्टेन जैसे गेंदबाजों का सामना करना पड़ता था।
आइए दक्षिण अफ्रीका में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा खेले गए टॉप पांच बेहतरीन पारियों के बारे में जानते हैं...
1. कपिल देव
कपिल देव
- फोटो : अमर उजाला
1992 में पोर्ट एलिजाबेथ में कपिल देव ने एक ऐसी पारी खेली थी, जिसे पूरी दुनिया आज भी याद करती है। दरअसल सीरीज के इस तीसरे टेस्ट में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए। जवाब में अफ्रीका ने 275 रन बना 63 रन की बढ़त बनाई। इसके बाद दूसरी पारी में भारत ने 88 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। तब कपिल बैटिंग के लिए आए और 180 गेंदों पर 14 चौके और एक छक्के की मदद से 129 रन जड़ दिए।
कपिल के अलावा पारी में भारत की ओर से उच्चतम स्कोर 17 रन का रहा, जो मनोज प्रभाकर, किरण मोरे और अनिल कुंबले ने बनाए। कपिल की पारी की बदौलत भारत 200 के पार पहुंच सका। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका ने लक्ष्य का सफलता पूर्वक पीछा कर लिया और नौ विकेट से जीत गए, लेकिन कपिल देव की पारी दक्षिण अफ्रीका में भारत की टॉप पांच पारियों में शुमार हो गई। इस मैच में कपिल ने चोटिल दाएं हाथ से बल्लेबाजी की थी।
2. सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर
- फोटो : अमर उजाला
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2 जनवरी 1997 को केपटाऊन में टेस्ट खेला गया था। यह मैच अफ्रीका ने 282 रनों से जीता था, लेकिन सचिन की 169 रनों की पारी ने बहुत देर तक भारतीयों को हार से बचाया था।। अब भी यह टेस्ट सचिन के शतक के लिए याद किया जाता है। इस सीरीज का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका जीत चुका था और दूसरे मैच में टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 529 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में भारतीय टीम ने पांच विकेट सिर्फ 58 रनों के भीतर ही गंवा दिए। हालांकि, इसके बाद सचिन ने अजहरुद्दीन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने शानदार बल्लेबाजी की। इसी बीच शतक लगाने के बाद अजहरुद्दीन आउट हो गए और एक बार फिर से विकेटों का पतझड़ लग गया। हालांकि एक छोर पर सचिन टिके रहे और अपना शतक जड़ दिया। सचिन भारतीय पारी में आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। सचिन भारत के लिए दक्षिण अफ्रीका मे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज (1724 रन) भी हैं।
3. वीवीएस लक्ष्मण
वीवीएस लक्ष्मण
- फोटो : अमर उजाला
लक्ष्मण को भारतीय क्रिकेट में संकटमोचक भी कहा जाता है। दूसरी पारी में अपनी अच्छी पारियों की वजह से वह काफी चर्चित रहे। 2010 में डरबन में विषम परिस्थितियों में 96 रन बनाकर लक्ष्मण ने साबित कर दिया कि वह भारतीय बल्लेबाजों में दूसरी पारी के बादशाह थे। डरबन टेस्ट की दूसरी पारी में भारत के सात विकेट सिर्फ 148 रन पर गिर चुके थे।
हालांकि इसके बाद लक्ष्मण का साथ देने आए तेज गेंदबाज जहीर खान ने बल्ले से कमाल कर दिया और टीम इंडिया के स्कोर को 288 तक ले गए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को भारतीय गेंदबाजों ने 215 रन पर समेट दिया और मैच 87 रन से जीत लिया।
4. चेतेश्वर पुजारा
चेतेश्वर पुजारा
- फोटो : अमर उजाला
पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में चल रहे पुजारा ने 2013 में एक बेहतरीन पारी खेली थी। हालांकि, जोहानिसबर्ग में खेला गया यह टेस्ट बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंचा था और ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज चुनी। भारत पहली पारी में 280 रन पर सिमट गया। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम भी 244 रन पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम 36 रन पीछे रह गई।
दूसरी पारी में पुजारा और कोहली की जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर टीम को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ाया। कोहली और पुजारा ने तीसरे विकेट के लिए 222 रन जोड़े। पुजारा बेहतरीन 153 रन बनाकर कैलिस की गेंद पर आउट हुए। पारी में उन्होंने 270 गेंद खेलीं और 21 चौके लगाए। कोहली बदकिस्मत रहे और लगातार दूसरा शतक लगाने से महज चार रन से चूक गए।
भारत ने 106 में आखिरी आठ विकेट गंवा दिए और टीम इंडिया 421 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह अफ्रीका को 458 का लक्ष्य मिला। डीविलियर्स और डुप्लेसिस ने मिलकर भारत को परेशानी में डल दिया था और 205 रन जोड़ दिए थे। इसके बाद ईशांत ने डीविलियर्स को आउट कर दिया। आखिर में फिलेंडर और डेल स्टेन ने मिलकर मैच ड्रॉ कराया।
5. विराट कोहली
विराट कोहली
- फोटो : अमर उजाला
दुनिया के टॉप बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली ने 2018 में सेंचूरियन में एक अद्भुत पारी खेली थी। हालांकि, भारत यह मैच बचा नहीं सका था, लेकिन कोहली ने जज्बा दिखाया था, जिसके लोग आज भी कायल हैं। 2018 के सेंचूरियन टेस्ट मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम ने 335 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 28 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद विराट ने बेहतरीन शतक जमाया और 153 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 21वां शतक था। वहीं, कोहली कप्तान के तौर पर दक्षिण अफ्रीका में शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बन गए थे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने बतौर कप्तान साल 1997 में केपटाउन में सैंकड़ा लगाया था।
कोहली सचिन तेंदुलकर के बाद बतौर खिलाड़ी साउथ अफ्रीका की धरती पर 2 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। कोहली ने भारत द्वारा पहली पारी में बनाए गए कुल स्कोर का आधा रन बनाया था। 307 रन में से 153 रन का योगदान कोहली का था।