भारतीय कप्तान विराट कोहली पीठ में खिंचाव के चलते सोमवार को द. अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले मैच से हट गए। उनकी जगह लोकेेश राहुल द. अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर के साथ टॉस करने उतरे। राहुल ने बताया कि कोहली के 11 जनवरी से होने वाले तीसरे टेस्ट तक फिट होने की संभावना है।
विवाद है कि थमता नहीं
सीरीज से पहले कोहली ने बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली के बयान के विपरीत यह कहकर तूफान ला दिया था कि टी20 कप्तानी छोड़ने के फैसले पर उनसे पुनर्विचार करने के लिए नहीं कहा था। विराट ने खुद टी20 की कप्तानी छोड़ने का एलान किया था। पिछले माह बोर्ड ने उन्हें वनडे में कप्तान बरकरार नहीं रखा। बोर्ड का मानना है कि सीमित ओवरों के प्रारूप में दो अलग-अलग कप्तान रखना सही नहीं होगा। बाद में चयनसमिति के प्रमुख चेतन शर्मा के इस बयान से विवाद और बढ़ा ही है कि विराट से टी20 विश्व कप तक कप्तान बने रहने का आग्रह किया गया था।
वांडरर्स में छठा मैच, हर बार नया कप्तान
भारतीय टीम वांडरर्स स्टेडियम में छठा टेस्ट खेल रही है और हर बार अलग कप्तान रहा है। पहला मैच 1992 में मोहम्मद अजहरुद्दीन, दूसरा 1997 में सचिन तेंदुलकर, तीसरा 2006 में राहुल द्रविड़, चौथा 2013 में महेंद्र सिंह धोनी, पांचवां 2018 में विराट कोहली और अब 2022 में लोकेश राहुल के नेतृत्व में खेल रही है।
‘कोहली के बिना बढ़ी चुनौती’
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने चोट के कारण कोहली के न उतरने को टीम के लिए बड़ा झटका बताया है। उन्होंने कहा कि नियमित कप्तान की कमी खलेगी। यह भारत के लिए अहम मैच है अगर हम जीतते हैं तो पहली बार सीरीज जीत लेंगे।