फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA: टॉस से पहले विराट अनफिट, द. अफ्रीका में नहीं खेल पाएंगे 100वां टेस्ट

Tue, 04 Jan 2022 05:10 AM IST
देव कश्यप एजेंसी, जोहानसबर्ग।

सार

फिटनेस की समस्या किसी भी खिलाड़ी के साथ कभी भी हो सकती है लेकिन सीमित ओवरों की कप्तानी को लेकर बीसीसीआई से चल रही तनातनी के बीच अचानक मैच दिवस पर विराट के अनफिट होने पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय कप्तान विराट कोहली पीठ में खिंचाव के चलते सोमवार को द. अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले मैच से हट गए। उनकी जगह लोकेेश राहुल द. अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर के साथ टॉस करने उतरे। राहुल ने बताया कि कोहली के 11 जनवरी से होने वाले तीसरे टेस्ट तक फिट होने की संभावना है।

विज्ञापन


फिटनेस की समस्या किसी भी खिलाड़ी के साथ कभी भी हो सकती है लेकिन सीमित ओवरों की कप्तानी को लेकर बीसीसीआई से चल रही तनातनी के बीच अचानक मैच दिवस पर विराट के अनफिट होने पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

बुमराह बने उपकप्तान : कोहली की जगह हनुमा विहारी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया। जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाया गया है। श्रेयस अय्यर को पेट में गड़बड़ होने के चलते नहीं चुना गया।
विज्ञापन


अगले माह खेलेंगे 100वां टेस्ट : दो साल से शतक नहीं बना पाए कोहली अगर इस मैच में उतरते तो यह उनका 99वां और तीसरा मैच 100 वां टेस्ट होता। वह इस सीरीज में सौ टेस्ट पूरे नहीं कर पाएंगे। अगर सब कुछ ठीक चला तो श्रीलंका के खिलाफ फरवरी में बेंगलुरु में वह सौवां टेस्ट खेलेंगे।

चोट पर उठ रहे सवाल

  • दो दिन पहले नए वर्ष की पार्टी की तस्वीरों में विराट की पीठ में कोई दिक्कत दिखी नहीं
  • मैच की तैयारियों के तहत नेट पर भारतीय कप्तान ने जमकर अभ्यास भी किया, तब भी कोई संकेत नहीं
  • बड़े खिलाड़ी को अगर फिटनेस समस्या होती है तो बोर्ड पहले बता देता है
  • मैच की पूर्व संध्या पर हेड कोच राहुल द्रविड़ ने भी फिटनेस को लेकर कोई इशारा नहीं किया था
  • द. अफ्रीका रवानगी से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद से अब तक विराट की मीडिया से दूरी
  • द्रविड़ ने कहा था कि सौवें टेस्ट से पहले मीडिया से होंगे मुखातिब, पर इस दौरे में तो सौवां टेस्ट खेलेंगे नहीं। तो क्या तीसरे टेस्ट से पहले विराट प्रेस कॉन्फ्रेंस में होंगे शरीक?

विवाद है कि थमता नहीं
सीरीज से पहले कोहली ने बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली के बयान के विपरीत यह कहकर तूफान ला दिया था कि टी20 कप्तानी छोड़ने के फैसले पर उनसे पुनर्विचार करने के लिए नहीं कहा था। विराट ने खुद टी20 की कप्तानी छोड़ने का एलान किया था। पिछले माह बोर्ड ने उन्हें  वनडे में कप्तान बरकरार नहीं रखा। बोर्ड का मानना है कि सीमित ओवरों के प्रारूप में दो अलग-अलग कप्तान रखना सही नहीं होगा। बाद में चयनसमिति के प्रमुख चेतन शर्मा के इस बयान से विवाद और बढ़ा ही है कि विराट से टी20 विश्व कप तक कप्तान बने रहने का आग्रह किया गया था।  

वांडरर्स में छठा मैच, हर बार नया कप्तान
भारतीय टीम वांडरर्स स्टेडियम में छठा टेस्ट खेल रही है और हर बार अलग कप्तान रहा है। पहला मैच 1992 में मोहम्मद अजहरुद्दीन, दूसरा 1997 में सचिन तेंदुलकर, तीसरा 2006 में राहुल द्रविड़, चौथा 2013 में महेंद्र सिंह धोनी, पांचवां 2018 में विराट कोहली और अब 2022 में लोकेश राहुल के नेतृत्व में खेल रही है।

‘कोहली के बिना बढ़ी चुनौती’
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने चोट के कारण कोहली के न उतरने को टीम के लिए बड़ा झटका बताया है। उन्होंने कहा कि नियमित कप्तान की कमी खलेगी। यह भारत के लिए अहम मैच है अगर हम जीतते हैं तो पहली बार सीरीज जीत लेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें