फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA: कोलकाता में भारत की हार पर पंत ने जताया अफसोस, कुंबले ने बुमराह को पहला ओवर न देने पर उठाए सवाल

Sun, 16 Nov 2025 05:30 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

भारत की हार पर ऋषभ पंत ने अफसोस जताते हुए कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को ईडन गार्डन्स की कठिन पिच के अनुकूल ढलकर बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था। दूसरी ओर, पूर्व दिग्गज अनिल कुंबले ने तीसरे दिन की सुबह भारत द्वारा अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को शुरुआती ओवर न देने पर सवाल उठाए।
विज्ञापन
अनिल कुंबले-ऋषभ पंत - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में 124 रन के लक्ष्य का पीछा न कर पाने और 30 रन से हार झेलने के बाद उपकप्तान ऋषभ पंत ने अफसोस जताते हुए कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को ईडन गार्डन्स की कठिन पिच के अनुकूल ढलकर बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था। दूसरी ओर, पूर्व दिग्गज अनिल कुंबले ने तीसरे दिन की सुबह भारत द्वारा अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को शुरुआती ओवर न देने पर सवाल उठाए।
विज्ञापन

पंत ने जताया अफसोस
भारतीय टीम दूसरी पारी में सिर्फ 93 रन पर आउट हो गई, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। चोटिल कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में पुरस्कार वितरण समारोह में आए पंत ने कहा, 'हमें यह लक्ष्य हासिल करना चाहिए था। दूसरी पारी में दबाव बढ़ रहा था और हम इसका फायदा नहीं उठा पाए। विकेट से गेंदबाजों को मदद मिल रही थी, लेकिन हमें परिस्थितियों के हिसाब से ढलना चाहिए था।'

पंत ने कहा कि टीम गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट में मजबूत वापसी करेगी। उन्होंने स्वीकार किया कि तेम्बा बावुमा और कॉर्बिन बॉश के बीच आठवें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई।

बावुमा ने गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा ने जीत का श्रेय अपने गेंदबाजों को दिया। उन्होंने कहा, '120 रन बनाने के बाद भी आपको हमेशा भरोसा नहीं होता, लेकिन हमारे गेंदबाजों ने लगातार मौके बनाए और हमें मैच में बनाए रखा।' मैन ऑफ द मैच साइमन हार्मर ने आठ विकेट लेकर जीत में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पुरानी गेंद के कारण पिच अपेक्षाकृत शांत हो गई थी, फिर भी जीत में हिस्सा लेकर उन्हें खुशी है।
विज्ञापन

कुंबले ने उठाए रणनीति पर सवाल
इसी हार के बाद अनिल कुंबले ने टीम रणनीति पर सवाल उठाए। जियो हॉटस्टार पर उन्होंने कहा, 'दक्षिण अफ्रीका के पास शुरुआत में सिर्फ 63 रन की बढ़त और तीन विकेट थे। ऐसी स्थिति में फैला हुआ फील्ड सेट करना और अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बुमराह को पहला ओवर न देना हैरानी पैदा करता है। दिलचस्प है कि आज गिरे दक्षिण अफ्रीका के सभी विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए।'

कुंबले ने बावुमा की कप्तानी की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्हें वह पहचान नहीं मिलती जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि बावुमा ने 11 में से 10 टेस्ट मैच जीतकर दक्षिण अफ्रीका को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप खिताब दिलाया है और एक बल्लेबाज के रूप में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें