भारतीय क्रिकेट टीम को इस महीने तीन टेस्ट और इतने ही वनडे मैचों के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है जहां उसे मेजबान टीम के तेज गेंदबाजों से कड़ी चुनौती मिलेगी। तेज गेंदबाज लुंगी नगिदी का मानना है कि टीम में पेस बैटरी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है और इससे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। यह 2021-23 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चक्र में दक्षिण अफ्रीका की पहली सीरीज होगी।
गेंदबाजी कोच चार्ल लेंगवेल्ट का मानना कि हाल फिलहाल में कुछ साहसिक फैसले और प्रयोग किए गए हैं जिससे टीम अच्छी स्थिति में है। उन्होंने कहा, ‘हमारे पास अब अच्छे खिलाड़ियों का समूह है और हम विभिन्न हालात में विभिन्न संयोजन के साथ प्रयोग कर रहे हैं इसलिए मुझे लगता है कि इन साहसिक फैसलों से हम बेहतर स्थिति में हैं और हमें असल में नतीजे मिल रहे हैं।’
डीन एल्गर की अगुवाई में चुनी गई टीम में युवा गेंदबाज सिसांदा मगाला को शामिल किया गया है जबकि ओलिवर की वापसी हुई है। एनरिक नोर्त्जे, कैगिसो रबादा और लुंगी नगिदी के मुख्य भूमिका में होने की संभावना है।
पेस बैटरी में कड़ी प्रतिस्पर्धा
नगिदी को 26 दिसंबर से विराट कोहली की टीम के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम में जगह दी गई है। यह तेज गेंदबाज चाहता है कि उनकी टीम शानदार शुरुआत करे। दक्षिण अफ्रीका के पास उम्दा तेज गेंदबाज हैं और नगिदी को पता है कि प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी है।
बकौल नगिदी, हमारे बीच काफी अच्छी प्रतिस्पर्धा है और मैं इसे लेकर उत्सुक हूं। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। मुझे नहीं लगता कि इस समय कोई भी टीम में अपनी जगह पक्की मान सकता है।
बायो बबल भी रहेगा चुनौती
जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में रहना कड़ा है और अगर कोई नियंत्रित माहौल से बाहर निकलने का फैसला करता है तो नगिदी इसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं उस व्यक्ति का पूरा सम्मान करता हूं जो दौरे से हटना चाहता है क्योंकि मानसिक रूप से उसे लगता है कि वह इससे नहीं निपट पाएगा।
नगिदी ने कहा कि संभवत: किसी समय मैंने भी ऐसा महसूस किया लेकिन उस स्थिति में नहीं पहुंचा जहां मैं घर लौटने के लिए तैयार था। इस तेज गेंदबाज ने कहा, इसका आप पर थोड़ा असर पड़ता है। हम दबाव कम करने के विभिन्न तरीके ढूंढते हैं। नगिदी का मानना है कि भारत के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट को सही दिशा में आगे ले जा सकती है जो पिछले कुछ वर्षों से उथल-पुथल के बीच बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
नगिदी ने कहा, ‘इस तरह का दौरा चीजों को सही दिशा में आगे ले जा सकता है। हम जिस प्रक्रिया पर चल रहे हैं उससे हम इस टेस्ट चैंपियनशिप में प्रतिस्पर्धा पेश करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं। हम पुनर्गठन के चरण के बारे में बात कर रहे थे लेकिन मुझे लगता है कि यह एकजुट होना है।
28 विकेट लिए हैं टीम में वापसी करने वाले डुआने ओलिवर ने जिसमें दो बार पांच विकेट शामिल हैं। तीन साल बाद वापसी कर रहे 29 साल के डुआने ओलिवर अब तक दस टेस्ट खेल चुके हैं। तीस साल के सिसांदा मगाला को अभी अपना पहला टेस्ट खेलना है। अब तक उन्होंने एक वनडे और चार अंतरराष्ट्रीय टी20 खेले हैं। 29 साल के ग्लेनटन एनरिक स्टरमैन को अभी पहला टेस्ट खेलना है।