सिराज का रोनाल्डो स्टाइल सेलिब्रेशन
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 197 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने पांच विकेट झटके। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला। सिराज ने रसी वैन डर डुसेन को आउट किया। इसके बाद उन्होंने जिस अंदाज में जश्न मनाया। वह काफी वायरल हो रहा है।
सिराज ने डुसेन को दक्षिण अफ्रीकी पारी के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर फंसाया और स्लिप में रहाणे के हाथों कैच कराकर पेविलियन भेज दिया। इसके बाद सिराज ने फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के स्टाइल में जश्न मनाया। इस पर फैन्स लगातार रिएक्ट कर रहे हैं। रोनाल्डो गोल करने के बाद मैदान के बिलकुल किनारे जाकर 360 डिग्री में घूमकर सीयू सेलिब्रेशन करते हैं। सिराज ने भी ठीक वैसा ही किया।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारतीय टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 16 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 5 रन और नाइटवाचमैन शार्दुल ठाकुर 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं। फिलहाल टीम इंडिया को 146 रन की बढ़त है। अगले दो दिन का खेल बाकी है।